बगुला बस्ती से IIT ISM तक: धनबाद की 'नुक्कड़ नाटक' अब थिएटर में, देखिए अपनी कहानी!
शुक्रवार, 6 मार्च 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद: जमीनी कहानियों और स्थानीय प्रतिभाओं के संगम से बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘नुक्कड़ नाटक’ अब धनबाद के सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। निर्देशक तनमय शेखर के निर्देशन में बनी यह फिल्म न केवल अपनी कहानी, बल्कि धनबाद के साथ अपने गहरे जुड़ाव के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म में मुख्य भूमिका मौलश्री और शिवांग ने निभाई है। फिल्म का विशेष आकर्षण बाल कलाकार निर्मला हजारा (बगुला बस्ती, धनबाद) और मंझे हुए कलाकार बिपिन कुमार (काका जी) हैं। इनके अलावा रांची की मोनिता सिन्हा और विनय कुमार ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म के निर्माण के हर पहलू में धनबाद का योगदान रहा है। अनीकेत मिश्रा (एसोसिएट डायरेक्टर), राम प्रवेश कुमार (लाइन प्रोड्यूसर) और जूनियर आर्टिस्ट दीपक चौहान सहित IIT ISM के कई छात्रों ने इस प्रोजेक्ट को सफल बनाने में कड़ी मेहनत की है। साथ ही प्रोडक्शन डिज़ाइनर मेहविश अली और शादाब अली की कलाकारी ने फिल्म को वास्तविक रंग दिया है।
वास्तविक लोकेशनों पर शूटिंग:
फिल्म की शूटिंग धनबाद के प्रमुख स्थानों जैसे IIT ISM कैंपस, बिग बाज़ार रोड और बगुला बस्ती में की गई है, जो दर्शकों को अपनेपन का एहसास कराती है। फिल्म की टीम ने रिलीज़ से पहले IIT ISM के छात्रों के साथ विशेष संवाद किया और बगुला बस्ती के लोगों के लिए विशेष स्क्रीनिंग का भी आयोजन किया।
कहाँ देखें?
फिल्म वर्तमान में धनबाद के धैया स्थित 'ग्रैंड प्रभातम मॉल' (Grand Prabhatam Mall) में प्रदर्शित हो रही है।
फिल्म की पूरी टीम ने धनबाद की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सिनेमाघरों में जाकर अपने शहर के कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और इस ज़मीनी कहानी को सफल बनाएं।
0 Response to "बगुला बस्ती से IIT ISM तक: धनबाद की 'नुक्कड़ नाटक' अब थिएटर में, देखिए अपनी कहानी!"
एक टिप्पणी भेजें