सुभारती में सजेगा गौरव का महाकुंभ: 11वें दीक्षांत समारोह में 2481 विद्यार्थियों का होगा सम्मान
बुधवार, 22 अप्रैल 2026
Comment
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह का आयोजन दिनांक 26 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय के मांगल्य प्रेक्षागृह में आयोजित किया जायेगा। समारोह के मुख्य अतिथि आचार्य देवव्रत, माननीय राज्यपाल गुजरात होंगे एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में नाइजीरिया के कैबी प्रांत के माननीय राज्यपाल नासिर इदरिस सम्मिलित होंगे। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. स्तुति कक्कड करेंगी। इनके अतिरिक्त इस समारोह में नाइजीरिया एवं पश्चिमी एशियाई देशों के गणमान्य अतिथि भी इस दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नई जिम्मेदारियों और अवसरों की शुरुआत का प्रतीक है। कुलपति डॉ. शर्मा ने कहा कि इस समारोह में कुल 2481 उपाधियाँ प्रदान की जायेगी जिनमें 115 पी.एच.डी. की उपाधियाँ होंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 45 स्नातक छात्र/ छात्राओं को स्वर्ण पदक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं के 23 टॉपर को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा। वहीं विश्वविद्यालय के एक सर्वश्रेष्ठ छात्र एवं छात्रा को चांसलर मेडल एवं संघमाता मुक्ति भटनागर मेमोरियल मेडल, तथा एम.बी.बी.एस.प्रथम वर्ष की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एक–एक छात्र व छात्रा को नकद राशि देकर सम्मानित भी किया जायेगा।
इस अवसर पर बोलते हुए सुभारती विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रौशन करेंगे। डॉ. शल्या ने कहा कि सुभारती विश्वविद्यालय की हमेशा से यही कोशिश रही है कि हमारा विद्यार्थी ना केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रहें बल्कि वे व्यवाहरिकता एवं नैतिक मूल्यों के साथ जीवन के पथ पर आगे बढ़े और राष्ट्र-निर्माण में अपना सर्वोच्च योगदान दें।
स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के महानिदेशक मेज. जन. (डॉ.) जी. के. थपलियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का जो ध्येय वाक्य है शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रीयता यह केवल एक वाक्य नहीं हैं यह भाव हम अपने विद्यार्थियों में पहले दिन से ही रोपित करते हैं। इस दीक्षांत समारोह में डिग्रियां प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थी जब अपने-अपने पेशेवर क्षेत्र में जाएंगे तो यहां के संस्कार उनके व्यवहार एवं चरित्र में झलकेगा। डॉ. थपलियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने विद्यार्थियों में शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रीयता का भाव दृढ़ करने के लिए राष्ट्रबोध के नाम से एक अनिवार्य विषय को लागू किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि दीक्षांत समारोह में आने वाले गणमान्य अतिथियों के अवलोकन के लिए विश्वविद्यालय की बेस्ट प्रैक्टिसेज के विभिन्न-विभिन्न स्टॉल्स विद्यार्थियों के द्वारा लगाए जाएंगे जिनमें राष्ट्रबोध, स्टार्टअप, पर्यावरण समिति एवं वेलनेस सेंटर प्रमुख रहेंगे।
कार्यक्रम के बारे में बताते हुए आयोजन के मुख्य समन्वयक प्रो. (डॉ.) निखिल श्रीवास्तव ने कहा कि दीक्षांत समारोह के कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय राज्यपाल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में अवस्थित सुभारती आई.एन.ए. शहीद स्मारक एवं उपवन में पौधारोपण करके किया जायेगा। वहीं दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय की रिपोर्ट माननीय कुलपति प्रो.(डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा प्रस्तुत करेंगे। दीक्षांत समारोह में शिक्षा, अनुसंधान एवं सामाजिक योगदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि यह आयोजन विश्वविद्यालय के महानिदेशक मेज. जन.(डॉ.) जी. के. थपलियाल, एसएम (सेनि.) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव ग्रुप कैप्टन एम. याकूब, कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. मनोज कपिल, डॉ. ऋतेष चौधरी. डॉ. वैभव गोयल भारतीय आदि भी उपस्थित रहे।
0 Response to "सुभारती में सजेगा गौरव का महाकुंभ: 11वें दीक्षांत समारोह में 2481 विद्यार्थियों का होगा सम्मान"
एक टिप्पणी भेजें