मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार 2025, शहरकोल व शहरग्राम पंचायत का राज्य दल ने किया भ्रमण, परिसंपत्तियों का वितरण
सोमवार, 6 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़: मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के तहत सदर प्रखंड के शहरकोल और महेशपुर प्रखंड के शहरग्राम पंचायत में राज्य स्तरीय दल द्वारा भ्रमण, संवाद और परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
राज्य दल ने पंचायत क्षेत्रों में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर योजनाओं के प्रभाव और लाभ की स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत द्वारा किए जा रहे नवाचारों, जागरूकता अभियानों और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों की सराहना की गई। टीम ने सूचना पट्ट, पंचायत प्रोफाइल और विभिन्न परियोजनाओं से संबंधित प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया।
राज्य टीम ने पंचायत सचिवालय का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं जैसे स्वच्छता सुविधा, मातृ-शिशु कक्ष, सहायता केंद्र, ज्ञान केंद्र, जन औषधि केंद्र, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की प्रशंसा की। इसे अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
कार्यक्रम में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और आपसी समन्वय पर बल दिया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसमें आवास योजना के स्वीकृति पत्र, साइकिल, रोजगार कार्ड, किशोरी बालिकाओं के लिए स्वच्छता किट, वस्त्र, मच्छरदानी और बेबी किट सहित अन्य सामग्री शामिल रही। साथ ही समूहों को सशक्त बनाने के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
0 Response to "मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार 2025, शहरकोल व शहरग्राम पंचायत का राज्य दल ने किया भ्रमण, परिसंपत्तियों का वितरण"
एक टिप्पणी भेजें