-->
जनगणना 2027 की तैयारी तेज: जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, डिजिटल तरीके से होगा सर्वे

जनगणना 2027 की तैयारी तेज: जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, डिजिटल तरीके से होगा सर्वे

पाकुड़: जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सूचना भवन सभागार में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, अंचलाधिकारी हिरणपुर सह मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार, अंचलाधिकारी महेशपुर सह मास्टर ट्रेनर संजय कुमार सिन्हा तथा जनगणना निदेशालय के उप निदेशक गजेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।
अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने बताया कि जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 के बीच पूरा किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जाएगा। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार एवं संजय कुमार सिन्हा ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया, आंकड़ा संग्रहण के तरीके, तकनीकी उपयोग तथा सर्वेक्षण से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की जानकारी दी। बताया गया कि प्रथम चरण में कुल 34 प्रश्नों के माध्यम से मकानों से संबंधित विभिन्न जानकारियां एकत्र की जाएंगी, जिनमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपलब्ध सुविधाएं जैसे दूरदर्शन, अंतरजाल, दूरभाष यंत्र, वाहन आदि शामिल हैं।
जनगणना के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी तथा उनका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद वे निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी संकलित करेंगे।

0 Response to "जनगणना 2027 की तैयारी तेज: जिले में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न, डिजिटल तरीके से होगा सर्वे"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4