एसएससी सीजीएल में साक्षी को मिली 947वीं रैंक, इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद पर चयन तय
गुरुवार, 9 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़ : मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है, इसे अमरपारा बाजार की साक्षी कुमारी ने सच कर दिखाया है। जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर अमरपारा की रहने वाली साक्षी कुमारी ने कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (एसएससी सीजीएल) 2025 में 947वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
साक्षी कुमारी अमरपारा निवासी विजय कुमार भगत और माता ब्यूटी देवी की पुत्री हैं। घोषित परिणाम में 15118 रिक्तियों के बीच यह उपलब्धि हासिल कर उन्होंने एक मजबूत पहचान बनाई है। रैंक के आधार पर माना जा रहा है कि उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद के लिए हुआ है, जो उनके निरंतर परिश्रम का परिणाम है।
उनके पिता विजय भगत मुख्य बाजार में हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि माता ब्यूटी देवी गृहणी हैं। साक्षी की प्रारंभिक शिक्षा ज्ञान भारती विद्यालय, अमड़ापाड़ा से हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सिलमपुर से मैट्रिक प्रथम स्थान से उत्तीर्ण किया। आगे की पढ़ाई उन्होंने एसपी कॉलेज, दुमका से इंटरमीडिएट के रूप में पूरी की।
स्नातक की पढ़ाई वर्ष 2021 में अरविंद महिला कॉलेज, पटना से अंग्रेजी ऑनर्स में पूरी करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। उनकी मेहनत का परिणाम यह रहा कि उनका पहला चयन एसएससी एमटीएस के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, जबलपुर में हुआ। इसके बाद वर्ष 2023 में एसएससी सीएचएसएल उत्तीर्ण कर भोपाल डाक लेखा कार्यालय में लोअर डिवीजनल क्लर्क के पद पर कार्य किया।
वर्ष 2024 में एसएससी सीजीएल परीक्षा में 1206वीं रैंक हासिल कर रांची डाक लेखा कार्यालय में लेखा पद पर कार्यरत रहीं। वर्ष 2025 में 947वीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है, जो उनकी लगातार प्रगति और समर्पण को दर्शाता है।
0 Response to "एसएससी सीजीएल में साक्षी को मिली 947वीं रैंक, इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद पर चयन तय"
एक टिप्पणी भेजें