सड़क और नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पहल
गुरुवार, 9 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़ : नगर परिषद, पाकुड़ द्वारा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विभिन्न वार्डों में सड़क एवं नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विधिवत रूप से कार्यों की शुरुआत की गई, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार चौधरी, वार्ड संख्या-08 के पार्षद अनिकेत गोस्वामी तथा वार्ड संख्या-03 के पार्षद किरण लाल कापरी मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से शिलान्यास कर योजनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया और कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-08 में रोबिन दुबे के आवास के समीप से बौरीपाड़ा (जटाधारी मंदिर रोड) तक पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। इस योजना की प्राक्कलित लागत लगभग 9.89 लाख रुपये निर्धारित की गई है। वहीं वार्ड संख्या-03 में विभिन्न स्थानों को आपस में जोड़ने के उद्देश्य से पीसीसी सड़क निर्माण योजना भी शुरू की गई है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 9.81 लाख रुपये है।
कार्यक्रम में सहायक अभियंता पियूष शंकर सहित सभी कनीय अभियंता एवं राजस्व निरीक्षक भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आम लोगों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
0 Response to "सड़क और नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पहल"
एक टिप्पणी भेजें