सिंदरी में जलजमाव और सांपों का आतंक: वर्षों से जाम नालों ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
बुधवार, 8 अप्रैल 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
सिंदरी:झारखंड के धनबाद जिले के औद्योगिक शहर सिंदरी के नाला कोई इलाके और आसपास की कॉलोनियों में ड्रेनेज सिस्टम की बदहाली ने स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर कर दिया है। वर्षों से जाम पड़े नालों के कारण बारिश के पानी का जमावड़ा सड़कों पर हो रहा है, जबकि जंगल-झाड़ के बढ़ने से सांपों का प्रकोप बढ़ गया है। लोग रोजाना डर के साए में जी रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई कॉलोनी के आसपास के इलाकों में ड्रेनेज लाइनें पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। सड़कों के किनारे पानी का जमावड़ा बना रहता है, जिससे मच्छरों की भी समस्या बढ़ गई है। जाम नालों की सफाई न होने के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। इसके अलावा, रोड किनारे और खाली जगहों में झाड़-झंकाड़ उग आए हैं, जो सांपों के लिए आदर्श छिपने की जगह बन गए हैं।
पिछले कुछ दिनों में ही एफसीआईएल कॉलोनी समेत आसपास के इलाकों में सांपों के कई दर्शन हुए हैं। हाल ही में वायरल वीडियो में सांपों की जोड़ी डांस करती हुई नजर आई थी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। निवासी बताते हैं कि शाम ढलते ही सांप घरों के आसपास, नालों में और झाड़ियों में दिखने लगते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हर साल बारिश के मौसम में यही हाल होता है। नाले साफ नहीं होते, पानी भर जाता है और झाड़ बढ़ जाते हैं। सांप घरों तक घुस आते हैं। प्रशासन से बार-बार शिकायत की, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।”
सिंदरी में औद्योगिक इकाइयों के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की कमी साफ दिख रही है। सॉ सिंदरी वार्ड नो 54 के ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत और नियमित सफाई की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जंगल-झाड़ साफ करने और नालों की सफाई के लिए नगर निगम या संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है।
स्थानीय लोग अब प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए, नालों की नियमित सफाई हो और झाड़-झंकाड़ हटाकर सांपों के प्रकोप पर अंकुश लगाया जाए। अन्यथा छोटी-छोटी बारिश भी यहां बड़े संकट का रूप ले सकती है।
0 Response to "सिंदरी में जलजमाव और सांपों का आतंक: वर्षों से जाम नालों ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें"
एक टिप्पणी भेजें