चलती ट्रेन से गिरकर युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, इलाके में शोक की लहर
बुधवार, 8 अप्रैल 2026
Comment
हिरणपुर : थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब 29 वर्षीय अरूप दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर घर पहुंची। बताया जा रहा है कि रविवार को पश्चिम बंगाल के राजग्राम स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि इस घटना ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरूप दास इलाज के लिए रामपुरहाट गए थे और वहां से हावड़ा-जमालपुर ट्रेन से पाकुड़ लौट रहे थे। सफर के दौरान उन्होंने अपने भाई और दोस्तों को घर लौटने की सूचना भी दी थी। लेकिन कुछ ही देर बाद राजग्राम स्टेशन के समीप वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इधर, जब अरूप का मोबाइल स्विच ऑफ हुआ तो परिजन बेचैन हो उठे। बाद में एक अज्ञात युवक की ट्रेन से गिरकर मौत की सूचना मिली। तस्वीर देखने के बाद परिजनों ने अरूप दास के रूप में उसकी पहचान की।
मंगलवार को परिजन रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को गांव लाया गया। जैसे ही शव घर पहुंचा, पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। पहले ही माता-पिता को खो चुके अरूप अपने बड़े भाई रूपक दास का इकलौता सहारा थे। भाई का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव की आंखें नम हैं।
सवालों के घेरे में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
इस घटना ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। परिजनों का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं, बल्कि एक साजिश भी हो सकती है। उनका कहना है कि घटनास्थल से अरूप का मोबाइल, पर्स, पैसे और इलाज से जुड़े कागजात कुछ भी बरामद नहीं हुआ। साथ ही शरीर पर चोट के निशान भी कई सवाल खड़े कर रहे हैं।
परिजनों को आशंका है कि अरूप के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
0 Response to "चलती ट्रेन से गिरकर युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, इलाके में शोक की लहर"
एक टिप्पणी भेजें