पति द्वारा पत्नी की हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली भागने की फिराक में था
शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
Comment
लिट्टीपाड़ा : लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गांडूपड़ता में हुई पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पति बेसगा पहाड़िया को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए राज्य छोड़कर दिल्ली भागने की योजना बना रहा था। वह बस या रेलगाड़ी पकड़ने के उद्देश्य से सुरक्षित ठिकाने की तलाश में इधर-उधर छिप रहा था।
थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया था। लगातार निगरानी और तलाश के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी बेसगा पहाड़िया को चितलोफर्म के पास से धर दबोचा। पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण आरोपी को भागने का कोई मौका नहीं मिल सका।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पाकुड़ जेल भेज दिया गया है।
0 Response to "पति द्वारा पत्नी की हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, दिल्ली भागने की फिराक में था"
एक टिप्पणी भेजें