मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में संलिप्तता उजागर
गुरुवार, 2 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़ : बुधवार को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर पाकुड़ की ओर आने वाला है। इसके बाद मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दी गई तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत छापेमारी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, पाकुड़ को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। तत्पश्चात अंचल पदाधिकारी, पाकुड़ को दंडाधिकारी के रूप में छापेमारी का दायित्व सौंपा गया।
पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ के निर्देश पर अंचल पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत पीपलजोरी मोड़ के समीप घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद किया गया। विधि सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए बरामद सामग्री को जब्त किया गया तथा आरोपी को अवैध रूप से मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में मालपहाड़ी ओपी थाना कांड संख्या 68/2026 दिनांक 01.04.2026 के तहत धारा 21(बी)/22(ए) एनडीपीएस अधिनियम 1985 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोसीम शेख, उम्र 34 वर्ष, पिता सफीकुल शेख, ग्राम पत्थरचुआ, थाना मालपहाड़ी ओपी, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। इसके विरुद्ध पूर्व में मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 177/2025, धारा 20(बी)(ii)ए एनडीपीएस अधिनियम, नलहटी थाना कांड संख्या 161/2018, धारा 3/4/6 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, नलहटी थाना कांड संख्या 362/2022, धारा 399/402 भारतीय दंड संहिता, मालपहाड़ी ओपी कांड संख्या 181/2015, धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित महेशपुर थाना के विभिन्न कांड संख्या 64/2024, 66/2024, 65/2024, 63/2024 तथा 68/2024 में धारा 379, 414, 413, 411, 120(बी) एवं 34 भारतीय दंड संहिता के तहत मामले दर्ज हैं।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से कुल 6.46 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार बताई जा रही है, बरामद की गई। इसके अलावा एक सैमसंग कंपनी का स्मार्ट फोन तथा एक होंडा मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या JH16J-5138) भी जब्त किया गया है।
0 Response to "मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में संलिप्तता उजागर"
एक टिप्पणी भेजें