-->
सिंदरी: शिलापट्ट विवाद पर भड़के डी.एन. सिंह, बोले- नाम नहीं, काम दिखना चाहिए

सिंदरी: शिलापट्ट विवाद पर भड़के डी.एन. सिंह, बोले- नाम नहीं, काम दिखना चाहिए





सिंदरी: सिंदरी फैमिली ग्रुप के अध्यक्ष डी.एन. सिंह ने वार्ड नंबर 54 में शिलापट्ट को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि समर्थकों का यह कदम निंदनीय है, लेकिन इससे भी बड़ा सवाल यह है कि पिछले 15 से 20 वर्षों में वार्ड की सड़क, नाली और सीवरेज व्यवस्था क्यों पूरी तरह बदहाल बनी रही।

डी.एन. सिंह ने कहा कि इतने लंबे समय में कई विधायक और जनप्रतिनिधि बदले, लेकिन इलाके की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सड़कों की हालत खराब थी, ड्रेनेज सिस्टम फेल था और सीवर व्यवस्था जर्जर हो चुकी थी, तब जनप्रतिनिधि चुप क्यों रहे। उन्होंने कहा कि जनता को नामों से नहीं, काम से राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने करीब दो दशक से अधूरे पड़े हिरक रोड प्रोजेक्ट का भी मुद्दा उठाया। सिंह ने कहा कि उस समय सिंदरी के विधायक आनंद महतो थे, लेकिन काम क्यों रुका, इसका जवाब आज तक नहीं मिला। उनके मुताबिक, बाद में तीन-चार विधायक और आए, फिर भी यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना अधूरी है। उन्होंने बाल्यापुर से कांड्रा की ओर जाने वाली सड़क का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह अब तक शुरू तक नहीं हो सकी है।

डी.एन. सिंह ने सिंदरी से धनबाद के बीच बस सेवा बंद होने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एक समय इस रूट पर 7-8 बसें चलती थीं, लेकिन आज एक भी बस नहीं चल रही। यह क्षेत्र के आम लोगों के लिए गंभीर असुविधा का विषय है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को नाम लिखने पर आपत्ति है, तो शिलापट्ट पर नेताओं के नाम की जगह “फॉर द सिटिज़न्स ऑफ द कॉलोनी” लिखा जाना चाहिए। सिंह ने अपील की कि राजनीतिक दलों के समर्थक अपने नेताओं से जनता के हित में ठोस कार्य कराएं, ताकि सड़क, नाली, सीवर और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाएं सुधर सकें।

सिंह ने चिंता जताई कि इस विवाद के कारण जो निर्माण कार्य शुरू हुआ है, वह प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि जनता को जल्द राहत देने के लिए विकास कार्यों को बिना बाधा आगे बढ़ना चाहिए।


0 Response to "सिंदरी: शिलापट्ट विवाद पर भड़के डी.एन. सिंह, बोले- नाम नहीं, काम दिखना चाहिए"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4