दहेज के लिए नाबालिग बहू की हत्या! जहर खिलाकर ली जान, सीमा क्षेत्र में सनसनी
सोमवार, 6 अप्रैल 2026
Comment
महेशपुर सीमा (मुरारई. बीरभूम) : झारखंड-बंगाल सीमा से सटे मुरारई थाना क्षेत्र के उकुनपुर गांव में दहेज के लिए नाबालिग विवाहिता की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विगत 3 अप्रैल को हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतका की पहचान उकुनपुर निवासी लक्ष्मी प्रमाणिक के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब 11 माह पूर्व मुरारई थाना क्षेत्र के वनमोहरापुर गांव निवासी दीपक प्रमाणिक के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा एक लाख रुपये नगद एवं अन्य सामान की लगातार मांग की जा रही थी। आर्थिक रूप से कमजोर लड़की पक्ष द्वारा मांग पूरी नहीं कर पाने के कारण लक्ष्मी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई, जिसकी जानकारी लड़की के पिता खुदू प्रमाणिक ने दी।
परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने साजिश के तहत 3 अप्रैल को लक्ष्मी को जबरन जहर खिला दिया। घटना के दिन लड़की के पिता को फोन कर बताया गया कि उसकी बेटी को “गैस की समस्या” हो गई है। सूचना मिलते ही परिजन जब ससुराल पहुंचे तो लक्ष्मी की हालत बेहद गंभीर थी।
गंभीर स्थिति में लक्ष्मी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां होश में आने पर उसने परिजनों को बताया कि उसे ससुराल पक्ष के लोगों ने जबरन जहर खिलाया है। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह बयान अब पूरे मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
पति समेत चार पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता खुदू प्रमाणिक ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या उसके पति दीपक प्रमाणिक, सास रानू प्रमाणिक, ससुर सत्यम प्रमाणिक एवं ससुर के भाई अनूप प्रमाणिक ने मिलकर की है। घटना के बाद मृतका की माता आदोरी प्रमाणिक के साथ मिलकर उन्होंने मुरारई थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कानूनी कार्रवाई, फिर भी आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में मुरारई थाना कांड संख्या 97/26, दिनांक 4 अप्रैल 2026 को बीएनएस की धारा 137(2), 108, 6(2) के साथ पोक्सो एक्ट की धारा 9/10 एवं चाइल्ड मैरिज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
सीमा क्षेत्र होने से जांच में सुस्ती
गौरतलब है कि उकुनपुर गांव झारखंड के महेशपुर थाना क्षेत्र के अस्कंधा गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है और यह क्षेत्र झारखंड-बंगाल सीमा पर पड़ता है। ऐसे में परिजनों का आरोप है कि सीमा क्षेत्र होने के कारण पुलिस कार्रवाई में सुस्ती बरती जा रही है।
परिजनों का फूटा गुस्सा, न्याय की मांग
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि इतने गंभीर मामले के बावजूद न तो मीडिया में इसे प्रमुखता मिली और न ही पुलिस ने तत्परता दिखाई। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
समाज में फिर उठा दहेज प्रथा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर समाज में व्याप्त दहेज प्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर कर दिया है, जहां चंद रुपयों के लिए एक नाबालिग की जान ले ली गई। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
0 Response to "दहेज के लिए नाबालिग बहू की हत्या! जहर खिलाकर ली जान, सीमा क्षेत्र में सनसनी"
एक टिप्पणी भेजें