नए शैक्षणिक सत्र का उल्लास, जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ राज+2 में फूल-मालाओं और टॉफी से बच्चों का आत्मीय स्वागत
सोमवार, 6 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़ : जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ राज+2 में नए शैक्षणिक सत्र का पहला दिन उल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। जैसे ही बच्चे विद्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे, उनका स्वागत फूल-मालाओं और टॉफी के साथ किया गया। इस आत्मीय पहल ने बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी और उनके मन में विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्सुकता का भाव और भी प्रबल हो गया।
स्वागत के उपरांत विद्यालय परिसर में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, दिनचर्या तथा सह-पाठ्य गतिविधियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। नए नामांकित तथा प्रोन्नत छात्रों को सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से परिचित कराया गया, जिससे वे सहज वातावरण में अपने नए सत्र की शुरुआत कर सकें और उनके भीतर आत्मविश्वास का संचार हो।
कार्यक्रम के अगले चरण में पर्यटन शिक्षक द्वारा सभी बच्चों को विद्यालय परिसर का विस्तृत भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण के दौरान बच्चों को विद्यालय में उपलब्ध विभिन्न संसाधनों और सुविधाओं से अवगत कराया गया। उन्होंने पुस्तकालय, भाषा प्रयोगशाला, भौतिकी प्रयोगशाला, रसायन प्रयोगशाला, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, सूचना प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला, स्टेम प्रयोगशाला, पर्यावरण क्लब, बाल संसद, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, स्वास्थ्य देखभाल केंद्र, कला एवं शिल्प कक्ष, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनसीसी तथा खेलकूद परिसर का अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली को समझा।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजू नन्दन साहा के नेतृत्व में पूरे विद्यालय परिवार ने इस अवसर को विशेष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में अरूप कुमार दास, सुशील कुमार झा, बीना कुमारी, शिउली कुमारी, पूनम कुमारी, मुकुल हुसैन, निर्मल कुमार ओझा, सुप्रिय दत्ता, नसीम दफादार, मृणाल कांति सरकार, अब्दुल रिजवी, मीना हेम्ब्रम, नन्दनी साहा, कलिसाधन साहू सहित सभी व्यावसायिक शिक्षकों की सक्रिय उपस्थिति रही।
0 Response to "नए शैक्षणिक सत्र का उल्लास, जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ राज+2 में फूल-मालाओं और टॉफी से बच्चों का आत्मीय स्वागत"
एक टिप्पणी भेजें