-->
इंसानियत शर्मसार: गेहूं के खेत में घुसने पर गाय-बछड़े पर धारदार हथियार से निर्मम वार

इंसानियत शर्मसार: गेहूं के खेत में घुसने पर गाय-बछड़े पर धारदार हथियार से निर्मम वार

महेशपुर (पाकुड़):-
महेशपुर थाना क्षेत्र के मोहबना गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां गेहूं के खेत में घुस जाने को लेकर एक व्यक्ति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए गाय एवं उसके दूध पीते बछड़े सहित अन्य मवेशियों पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मोहबना गांव निवासी फूलमती देवी की गायें प्रतिदिन की तरह सुबह चरने के लिए खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान बताया जा रहा है कि पास के शामलापुर गांव का एक व्यक्ति, जिसकी पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, ने गेहूं के खेत में गायों के घुस जाने से आक्रोशित होकर बेजुबान जानवरों पर बेरहमी से हमला कर दिया। पीड़िता फूलमती देवी ने बताया कि आरोपी ने सबसे पहले गाय के साथ गए दूध पीते बछड़े पर धारदार हथियार से वार किया। वार इतना गंभीर था कि हथियार बछड़े के पैर में फंस गया। इसके बाद आरोपी ने बछड़े के पैर से हथियार निकालकर उसकी मां तथा अन्य करीब तीन गायों पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे सभी मवेशी बुरी तरह जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना को अमानवीय बताया। घायल मवेशियों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की घटना भारतीय कानून के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। बेजुबान जानवरों पर क्रूरता करने के मामले में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों का कहना है की ऐसी मानसिकता वाले व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था बल्कि मानवता पर भी सवाल खड़ा करती है। बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता को दर्शाती है, जिस पर समय रहते सख्त कार्रवाई जरूरी है।

0 Response to "इंसानियत शर्मसार: गेहूं के खेत में घुसने पर गाय-बछड़े पर धारदार हथियार से निर्मम वार"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4