अंतरराज्य सीमा राधानगर से कादासीर जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों को भारी परेशानी
बुधवार, 8 अप्रैल 2026
Comment
पाकुड़िया : पाकुड़िया प्रखंड के राधानगर जांच चौकी, आजीमगढ़ तथा धुलाडांगा होते हुए कादासीर गांव तक जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक 15 से 20 वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन उसके बाद आज तक इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं हुआ है। प्रखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर स्थित यह सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्र में होने के कारण इस सड़क पर किसी पदाधिकारी की नजर नहीं पड़ती है। वर्षा के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाता है। करीब 2 से 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीण रंजीत राय ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति और जगह-जगह निकले पत्थरों के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क उनके लिए जीवन रेखा के समान है, क्योंकि इसी मार्ग से महिलाओं को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया ले जाया जाता है। खराब सड़क के कारण जच्चा और बच्चा को सुरक्षित पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि साइकिल और मोटरसाइकिल चलाना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बने 15 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक किसी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इसकी सुध नहीं ली है। प्रखंड मुख्यालय से दूरी होने के कारण यह समस्या लगातार नजरअंदाज होती रही है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि इस सड़क का निर्माण हो जाए, तो राधानगर, आजीमगढ़, धुलाडांगा, नुनाडांगा और कादासीर गांव के लोगों को आवागमन समेत कई सुविधाएं मिलेंगी। यह मार्ग पश्चिम बंगाल के नलहटी क्षेत्र से भी जुड़ता है, जिससे अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत होगा।
0 Response to "अंतरराज्य सीमा राधानगर से कादासीर जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील, ग्रामीणों को भारी परेशानी"
एक टिप्पणी भेजें