14 सेंटरों पर रविवार को होगी बी.एड., एम.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा। शुक्रवार को गूगल मीट करके उपायुक्त देंगे दंडाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश। परीक्षा नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्य करेगा जिला नियंत्रण कक्ष
गुरुवार, 28 मई 2026
Comment
धनबाद:रविवार, 31 मई 2026, को जिले के 14 सेंटरों पर बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए हैं।
कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी 14 सेंटरों के लिए पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, महिला एवं पुरुष पुलिस बल, फ्लाइंग स्क्वायड, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, रिजर्व मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है।
परीक्षा के दिन महत्वपूर्ण सूचनाओं के अनुश्रवण एवं त्वरित कार्रवाई के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, परीक्षा नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्य करेगा। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी के रूप में कार्यपालक दण्डाधिकारी श्री नारायण राम की प्रतिनियुक्ति की गई है। जबकि अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे। पुलिस पदाधिकारियों के वरीय प्रभार में पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर श्री प्रदीप कुमार साव एवं जिला समादेष्टा, झारखण्ड गृह रक्षा वाहिनी रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या - 0326 - 2311807 एवं 112 है। जिला नियंत्रण कक्ष में एक एम्बुलेंस, जीवनरक्षक औषधियों सहित चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
संयुक्त आदेश में किसी भी परीक्षार्थी या परीक्षक या परीक्षा में लगे अन्य कोई व्यक्ति को परीक्षा केन्द्र पर किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों या उपकरणों का प्रयोग नहीं करने तथा परीक्षा केन्द्र पर किसी भी परीक्षार्थी को मोबाईल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर, चिप, कम्प्यूटर को प्रभावित करने वाला सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर नहीं जाने देने का सख्त निर्देश दिया गया हैं।
परीक्षा का आयोजन रविवार, 31 मई 2026, को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सीसीटीवी की निगरानी में किया जाएगा।
वहीं उपायुक्त शुक्रवार, 29 मई 2026, को परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट, फ्लाइंग स्क्वायड, पुलिस पदाधिकारी, रिजर्व मजिस्ट्रेट के साथ गूगल मीट करके उन्हें महत्वपूर्ण दिशा निर्देश देंगे।
0 Response to "14 सेंटरों पर रविवार को होगी बी.एड., एम.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा। शुक्रवार को गूगल मीट करके उपायुक्त देंगे दंडाधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश। परीक्षा नियंत्रण कक्ष के रूप में कार्य करेगा जिला नियंत्रण कक्ष"
एक टिप्पणी भेजें