"सिंदरीवासियों को बड़ी सौगात! प्रोजेक्ट आरोग्य मित्र के तहत हेल्थ एटीएम शुरू
शुक्रवार, 22 मई 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
सिंदरी:ग्रामीण और शहरी आबादी को सुलभ और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मानव विकास संस्था (एमवीएस इंडिया) ने हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व सहयोग से ‘प्रोजेक्ट आरोग्य मित्र’ के तहत सिंदरी और आसपास के क्षेत्रों में 5 हेल्थ एटीएम मशीनें स्थापित की हैं।
उद्घाटन समारोह 22 मई को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) सिंदरी, गुरुद्वारा के पास आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ एचयूआरएल सिंदरी के व्यवसायिक इकाई प्रमुख गौतम माझी ने किया। इस मौके पर एचयूआरएल सिंदरी के मानव संसाधन एवं सीएसआर प्रमुख विक्रांत कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामुदायिक सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे। एमवीएस इंडिया की ओर से वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी अमित चौधरी और संचालन प्रबंधक अभिषेक चौधरी ने परियोजना की रूपरेखा और संभावित प्रभाव साझा किया।
क्या खास है इन हेल्थ एटीएम में
इन अत्याधुनिक मशीनों से लोग अपने नजदीक ही 45 से अधिक स्वास्थ्य मापदंडों की जांच करा सकेंगे। प्रमुख सुविधाओं में शामिल हैं:
- रक्तचाप, रक्त शर्करा, एचबीए1सी, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल
- ईसीजी, ऑक्सीजन स्तर, नाड़ी गति, तापमान
- ऊंचाई, वजन, बॉडी मास इंडेक्स, दृष्टि जांच, श्रवण जांच
मशीनें स्वास्थ्य जोखिमों का प्रारंभिक आकलन भी करती हैं और सभी जांचों की डिजिटल रिपोर्ट तुरंत देती हैं। इससे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया, हृदय रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों की शुरुआती पहचान और रोकथाम में मदद मिलेगी।
कहां-कहां लगीं मशीनें
1. सदर अस्पताल, धनबाद
2. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया कम जोरापोखर
3. शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंदरी
4. शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंदरी गौशाला
5. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलियापुर
यह पहल महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, श्रमिकों और सीमित स्वास्थ्य पहुंच वाले लोगों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद है। अब उन्हें जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों बचेगा और निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा मिलेगा।
एमवीएस इंडिया ने कहा कि एचयूआरएल सिंदरी के सहयोग से स्थापित ये हेल्थ एटीएम स्थानीय समुदायों को सुलभ, त्वरित और तकनीक-आधारित स्वास्थ्य सेवाएं देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक जनकेंद्रित और समावेशी बनाएंगी। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समुदाय के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में अहम कदम बताया।
0 Response to ""सिंदरीवासियों को बड़ी सौगात! प्रोजेक्ट आरोग्य मित्र के तहत हेल्थ एटीएम शुरू"
एक टिप्पणी भेजें