आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण में पोषण, स्वच्छता और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
शुक्रवार, 8 मई 2026
Comment
पाकुड़: बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने सदर प्रखंड अंतर्गत बलियाडांगा आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे गर्म एवं ताजा पोषाहार की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक और मानसिक विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण तथा पौष्टिक भोजन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सेविका एवं सहायिका को निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बच्चों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन और अच्छे संस्कार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में विकसित ‘पोषण वाटिका’ का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने पोषण वाटिका को और अधिक व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने का निर्देश दिया, ताकि बच्चों के भोजन में ताजी एवं हरी सब्जियों का नियमित उपयोग सुनिश्चित हो सके।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने केंद्र में बच्चों की उपस्थिति को संतोषजनक बताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया, उन्हें पाठ पढ़ाया तथा बच्चों से कविताएं और पाठ सुनकर उनकी प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना की। बच्चों के चेहरे पर दिख रही खुशी और आत्मविश्वास से पूरा केंद्र उत्साहपूर्ण वातावरण में नजर आया।
निरीक्षण के दौरान केंद्र में संधारित विभिन्न पंजियों एवं सरकारी अभिलेखों की भी गहन जांच की गई। उन्होंने सभी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने और सुव्यवस्थित तरीके से संधारित करने का निर्देश दिया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने कहा कि बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं और इन्हें अधिक प्रभावी एवं सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
0 Response to "आंगनबाड़ी केंद्र के औचक निरीक्षण में पोषण, स्वच्छता और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर"
एक टिप्पणी भेजें