राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत ओंठ और तालू कटे बच्चों के लिए मेगा कैंप आयोजित
शुक्रवार, 8 मई 2026
Comment
पाकुड़: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़ में ओंठ कटे एवं तालू कटे बच्चों के इलाज हेतु एक दिवसीय मेगा कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जन्मजात विकृतियों से पीड़ित बच्चों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना तथा उन्हें सामान्य जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना था। मेगा कैंप का उद्घाटन जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस. के. झा एवं देवनिका अस्पताल, रांची के प्रतिनिधि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कैंप के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की। जांच के बाद सर्जरी योग्य चिन्हित बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन देवनिका अस्पताल, रांची में कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि इलाज के साथ-साथ बच्चों और उनके परिजनों के आने-जाने, रहने तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेगा जांच शिविर में डॉ. शेखावत हुसैन एवं डॉ. सुपर्णा सहा ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। शिविर में कुल 25 बच्चों की जांच की गई, जिनमें चिन्हित बच्चों का आगे सर्जिकल उपचार कराया जाएगा। शिविर के दौरान अभिभावकों को बच्चों के उपचार और देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
जिला आरसीएच पदाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य जन्मजात विकृतियों से प्रभावित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
0 Response to "राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत ओंठ और तालू कटे बच्चों के लिए मेगा कैंप आयोजित"
एक टिप्पणी भेजें