सिन्दरी बचाओ युवा संघर्ष समिति ने एफसीआई प्रबंधन का किया घेराव, डोमगढ़ की जमीन हस्तांतरण पर उठाए सवाल
बुधवार, 20 मई 2026
Comment
सिन्दरी, दिनांक 20 मई 2026 को सिन्दरी बचाओ युवा संघर्ष समिति के सदस्यों द्वारा एफसीआई प्रबंधन का घेराव कर डोमगढ़ एवं सिन्दरी की जमीनों के हस्तांतरण, स्थानीय लोगों के अधिकार तथा KTMPL कंपनी द्वारा किए गए कार्यों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सिन्दरी के विधायक चन्द्रदेव महतो के हस्तक्षेप से संघर्ष समिति एवं एफसीआई प्रबंधन के बीच वार्ता आयोजित हुई।
वार्ता के दौरान विधायक चन्द्रदेव महतो ने स्पष्ट रूप से कहा कि पूर्व में उनके द्वारा एफसीआई प्रबंधन को दिए गए पत्र में यह उल्लेख किया गया था कि डोमगढ़ वासियों की सहमति के बिना किसी भी प्रकार से जमीन सेल अथवा अन्य संस्थाओं को हस्तांतरित नहीं की जाए। इसके बावजूद बिना स्थानीय लोगों की अनुमति, बिना किसी स्पष्ट जवाब तथा बिना जनसहमति के जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ाई गई, यह गंभीर प्रश्न है।
उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जानी चाहिए तथा डोमगढ़ एवं सिन्दरी के स्थायी निवासियों को उनकी जमीन पर स्थायी लीज (Permanent Lease) का अधिकार दिया जाना चाहिए। विधायक ने कहा कि स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
संघर्ष समिति के सदस्यों ने भी प्रबंधन से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि जब एफसीआई प्रबंधन आर्थिक लाभ के लिए सेल जैसी कंपनियों को जमीन हस्तांतरित कर सकता है, तो वर्षों से वहां रह रहे सिन्दरी एवं डोमगढ़ के लोगों को जमीन का अधिकार क्यों नहीं दिया जा रहा है। समिति ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है और उनकी भावनाओं की अनदेखी की जा रही है।
बैठक के दौरान एफसीआई प्रबंधन ने आगे की वार्ता एवं समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। हालांकि संघर्ष समिति के सदस्यों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोगों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा यह लड़ाई अब “आर-पार” की होगी।
समिति ने KTMPL कंपनी द्वारा तोड़े गए नाले का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया। समिति के सदस्यों ने कहा कि नाले के टूटने से डोमगढ़, डीएल, डीबी एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन की ओर से आश्वासन दिया गया कि टूटे हुए नाले का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाएगा।
इस बैठक में मुख्य रूप से नृपेंद्र कुमार झा, सुरेश प्रसाद, अनुभव शर्मा, विक्की सिंह, उत्कर्ष पाण्डेय, सोनू सिंह, गौतम कुमार, सज्जू खान, संजू सिंह, शशी सिंह, शशी ठाकुर, जितेन्द्र शर्मा, विरू कुमार, संजय बाऊरी, सपना देवी, रफत, गंगा देवी, मोनी मंडल, ऊषा देवी, प्रशांत दूबे, पार्षद धीरज सिंह, कौशल सिंह, सुरेश गुप्ता, सुरेश कापरी, मो. सम्स, राहुल बाऊरी, विशाल बाऊरी, दिवाकर शर्मा, सुनील शर्मा, फ्रेंक, अभिजीत सिंह, झून्ना जी, दिलीप दत्ता, प्रलय चंद्र भट्टाचार्य सहित सैकड़ों की संख्या में संघर्ष समिति के सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
0 Response to "सिन्दरी बचाओ युवा संघर्ष समिति ने एफसीआई प्रबंधन का किया घेराव, डोमगढ़ की जमीन हस्तांतरण पर उठाए सवाल"
एक टिप्पणी भेजें