जामाडोबा गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
रविवार, 31 मई 2026
Comment
झरिया: जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में 29 मई को हुए गोलीकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं।
रविवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता में बताया कि 29 मई को डुमरी नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय रिक्की सिंह को आपसी विवाद में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। रिक्की की पत्नी चंदा कौर के बयान पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत जांच शुरू की गई थी।
*Lकैसे हुआ खुलासा:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिलें बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद की गईं।
विवाद की वजह:
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे रोपवे केबल को उठाने गए थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद जामाडोबा पेट्रोल पंप के पास हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी। गोली लगने से रिक्की गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुराना आपराधिक इतिहास:
जांच में सामने आया है कि घायल रिक्की सिंह और उसके दोनों भाई पहले गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस वर्तमान विवाद की असल वजह और आपराधिक नेटवर्क की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने कहा कि फरार आरोपी हर्ष सिंह समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई:
1. गिरफ्तार: नानक सिंह, आरिफ अंसारी
2. बरामद: दो पल्सर 220 बाइक
3. फरार: हर्ष सिंह व अन्य की तलाश जारी
0 Response to " जामाडोबा गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद"
एक टिप्पणी भेजें