-->
आईआईटी आईएसएम से युवा संगम फेज-VI के प्रतिभागियों का आईआईटी इंदौर के लिए उत्साहपूर्ण रवाना

आईआईटी आईएसएम से युवा संगम फेज-VI के प्रतिभागियों का आईआईटी इंदौर के लिए उत्साहपूर्ण रवाना


रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद :भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यापीठ), धनबाद में सोमवार को भारत सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के तहत आयोजित युवा संगम फेज-VI कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड के प्रतिभागियों के दल को आईआईटी इंदौर के लिए रवाना किया गया।

पेनमैन ऑडिटोरियम, आईआईटी आईएसएम धनबाद में आयोजित फ्लैग ऑफ समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पेंटाथलॉन विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता अनु कुमारी ने संयुक्त रूप से प्रतिभागियों के दल को रवाना किया।

इस कार्यक्रम के तहत झारखंड के 42 प्रतिभागी 26 मई से 3 जून तक आईआईटी इंदौर की यात्रा पर रहेंगे, जहां उन्हें दूसरे राज्य की संस्कृति, शिक्षा, नवाचार और जीवन शैली को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। युवा संगम का उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों के युवाओं को जोड़ना, आपसी समझ बढ़ाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि युवा केवल उम्र से नहीं, बल्कि सोच, ऊर्जा और चुनौतियों को स्वीकार करने की क्षमता से पहचाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को नए लोगों से मिलने, नए अनुभव हासिल करने और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर देते हैं।

मुख्य अतिथि अनु कुमारी ने अपने संघर्ष और मेहनत के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को असफलता से सीख लेने, लगातार मेहनत करने और विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) प्रो. एस.के. गुप्ता ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संगम सीखने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नए रिश्ते बनाने का बेहतरीन मंच है। वहीं रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय ने प्रतिभागियों को झारखंड का प्रतिनिधि बताते हुए राज्य की संस्कृति, विनम्रता और मूल्यों को प्रस्तुत करने की अपील की।

इस अवसर पर प्रो. पार्थसारथी दास, डीन (आरएंडडी), डॉ. अनीता कुमारी, स्पोर्ट्स ऑफिसर, तथा  मृत्युंजय शर्मा, असिस्टेंट रजिस्ट्रार भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां प्रतिभागियों को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया गया।

0 Response to "आईआईटी आईएसएम से युवा संगम फेज-VI के प्रतिभागियों का आईआईटी इंदौर के लिए उत्साहपूर्ण रवाना"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4