समयबद्ध प्रमाण-पत्र वितरण के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान 15 से 17 जून तक पंचायतवार शिविर में बनेंगे जाति, आय और स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र
रविवार, 14 जून 2026
Comment
पाकुड़ : आमजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी और सुगम तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिले के सभी अंचलों में 15 जून से 17 जून 2026 तक पंचायतवार तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से स्थानीय निवासी, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों की प्राप्ति, जांच, सत्यापन तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस संबंध में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में शिविरों के सफल संचालन, आवेदन निष्पादन की प्रक्रिया, जनजागरूकता अभियान तथा अधिकतम लाभुकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि स्थानीय निवासी, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र झारखंड सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत आच्छादित सेवाएं हैं, जिनके निर्गमन के लिए निर्धारित समय-सीमा तय है। उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए, ताकि पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को शिविर आयोजन से पूर्व आवश्यक तैयारियों की समुचित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मुखिया, पंचायत सचिव, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय कर्मियों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक ग्रामीणों को शिविरों तक लाने को कहा, ताकि जिन लोगों के जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठा सकें।
उपायुक्त ने कहा कि शिविर स्थलों पर आवश्यक संसाधनों, पर्याप्त कर्मियों और जनसुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवेदन प्राप्त होने के साथ ही दस्तावेजों की जांच, स्थानीय सत्यापन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं शिविर स्थल पर ही पूरी की जाएं। स्थानीय स्तर पर सत्यापन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए पंचायत सचिवों, वार्ड प्रतिनिधियों एवं अन्य स्थानीय कर्मियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिकतम आवेदनों को शिविर स्थल पर ही निष्पादन की अंतिम अवस्था तक पहुंचाया जाए तथा यथासंभव प्रमाण-पत्र तैयार कर लाभुकों को उसकी मुद्रित प्रति उपलब्ध कराई जाए। शिविर अवधि के दौरान अंचल अधिकारी, संबंधित कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी शिविर स्थल पर उपस्थित रहकर आवेदन प्राप्ति से लेकर प्रमाण-पत्र निर्गमन तक की पूरी प्रक्रिया का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि तीन दिवसीय विशेष अभियान के दौरान अधिकतम संख्या में प्रमाण-पत्र निर्गत करने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य किया जाए। उन्होंने सभी प्रखंडों को शिविर के सफल आयोजन, लाभुकों को प्रमाण-पत्र वितरण तथा जनसहभागिता से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि अभियान की उपलब्धियों का प्रभावी दस्तावेजीकरण किया जा सके।
0 Response to "समयबद्ध प्रमाण-पत्र वितरण के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान 15 से 17 जून तक पंचायतवार शिविर में बनेंगे जाति, आय और स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र"
एक टिप्पणी भेजें