-->
धनबाद में न्याय की रफ्तार तेज: पुलिस ने 3 दशक पुराने मामलों समेत 1250 केसों की फाइल कोर्ट भेजी

धनबाद में न्याय की रफ्तार तेज: पुलिस ने 3 दशक पुराने मामलों समेत 1250 केसों की फाइल कोर्ट भेजी


रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद : वर्षों से लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन को लेकर धनबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की विशेष पहल पर मई माह के दौरान जिले के विभिन्न थानों में लंबित पड़े कुल 1250 कांडों की चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन (Final Report) न्यायालय में जमा कराया गया है। इनमें कई ऐसे मामले भी शामिल हैं जो दो से तीन दशक पुराने थे।

धनबाद जिले में कई ऐसे आपराधिक मामले लंबित थे, जिनमें अनुसंधान पूरा होने के बावजूद तकनीकी, प्रशासनिक अथवा प्रक्रियागत कारणों से चार्जशीट या अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत नहीं हो पाया था। इसके कारण ट्रायल शुरू नहीं हो रहा था और पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी हो रही थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी लंबित मामलों की समीक्षा कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम में अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी , एसआई रजनीकांत सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया। अभियान की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 नज़ीर अख्तर द्वारा की जा रही है।

टीम ने विभिन्न थानों की पुरानी फाइलों की समीक्षा कर दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी संकलन और अन्य कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए लंबित मामलों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया तेज की।

इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि न्यायालय में प्रस्तुत मामलों में लगभग तीन दशक पुराने कांड भी शामिल हैं। इनमें पुटकी थाना कांड संख्या 06/1998 और झरिया थाना कांड संख्या 86/1999 जैसे पुराने मामलों की चार्जशीट एवं अंतिम प्रतिवेदन भी न्यायालय में जमा किए गए हैं।

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि न्यायालय में चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब इन मामलों में सुनवाई और ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। इससे लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले के अन्य पुराने एवं लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें भी जल्द न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।


0 Response to "धनबाद में न्याय की रफ्तार तेज: पुलिस ने 3 दशक पुराने मामलों समेत 1250 केसों की फाइल कोर्ट भेजी"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4