-->
धनबाद में पीएम मातृ वंदना योजना की समीक्षा, लापरवाह सुपरवाइजरों को फटकार, 8 को मिला टैबलेट।

धनबाद में पीएम मातृ वंदना योजना की समीक्षा, लापरवाह सुपरवाइजरों को फटकार, 8 को मिला टैबलेट।

रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप समेत सभी प्रखंडों की महिला पर्यवेक्षिका मौजूद रहीं।

लंबित आवेदनों पर सख्ती  
उपायुक्त ने योजना की प्रगति, लंबित आवेदन, एनपीसीआई, पोषण ट्रैकर, पोषण वाटिका और हॉट कुक्ड मील की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को तकनीकी समस्याओं और लंबित आवेदनों का तुरंत निष्पादन कर लाभुकों को समय पर लाभ देने का निर्देश दिया। 

काम में लापरवाही मिलने पर डीडीसी सन्नी राज ने संबंधित महिला पर्यवेक्षिका को कड़ी फटकार लगाई और कार्य संस्कृति सुधारने के साथ समय-सीमा में लंबित मामले निपटाने को कहा।

पोषण वाटिका पर इनाम की घोषणा  
बैठक में पोषण वाटिका विकास पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में जल्द पोषण वाटिका बनाने का आदेश दिया। जिले की सर्वश्रेष्ठ पोषण वाटिकाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान पर ₹10,000, द्वितीय पर ₹8,000 और तृतीय पर ₹6,000 की राशि दी जाएगी। उत्कृष्ट वाटिका वाले केंद्रों को मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

आधारभूत सुविधा और सुरक्षित स्थानांतरण के निर्देश
महिला पर्यवेक्षिकाओं ने कई आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, खिड़की-दरवाजा और बिजली की कमी की शिकायत रखी। डीसी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई कर सुविधाएं बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को सूचीबद्ध कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने को कहा।

8 महिला पर्यवेक्षिका सम्मानित
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य के लिए 8 महिला पर्यवेक्षिकाओं को उपायुक्त ने टैबलेट देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में बाघमारा की लक्ष्मी कुमारी, बलियापुर की कीर्ति पुष्प, धनबाद की कामिनी कुमारी, गोविंदपुर की प्रेरणा बर्णवाल, झरिया की शकुंतला कुमारी, निरसा की कुमारी शिखा, तोपचांची की रानी सीमा और टुंडी की किरण कुमारी शामिल हैं। डीसी ने कहा कि इनका समर्पण अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणा है।

0 Response to "धनबाद में पीएम मातृ वंदना योजना की समीक्षा, लापरवाह सुपरवाइजरों को फटकार, 8 को मिला टैबलेट। "

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4