रात के अंधेरे में गरीब की रोजी पर वार: चाय गुमटी का ताला तोड़ नकदी, गैस सिलेंडर और सामान चोरी
रविवार, 5 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़ : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के अर्पणा मार्केट और कृष्णा मार्केट के बीच स्थित एक चाय गुमटी में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर गुमटी का ताला और पल्ला तोड़कर नकदी समेत लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग दुकानदार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पाकुड़ नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, महुआडांगा (तत्वाडांगा) निवासी 61 वर्षीय चण्डी सेन अर्पणा मार्केट और कृष्णा मार्केट के बीच एक छोटी चाय गुमटी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि यही दुकान उनके परिवार की आय का एकमात्र साधन है।
चण्डी सेन ने बताया कि शनिवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार, 5 जुलाई की सुबह लगभग साढ़े छह बजे सूचना मिली कि उनकी गुमटी का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां गुमटी का ताला और पल्ला टूटा मिला तथा अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर दुकान से 14 लीटर का भारत गैस का सिलेंडर, बिक्री के लिए रखे बिस्कुट के पैकेट, किश्त जमा करने के लिए रखे गए 7,000 रुपये नकद, गल्ले में रखे 900 रुपये नकद तथा अन्य आवश्यक सामान चोरी कर ले गए। चोरी गई नकदी और सामान का कुल मूल्य लगभग 15,000 रुपये बताया गया है।
पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गया सामान बरामद कराने तथा प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उनका बंद पड़ा रोजगार दोबारा शुरू हो सके।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी रवींद्र चौक के समीप स्थित एक फास्ट फूड दुकान से गैस सिलेंडर चोरी होने की घटना सामने आई थी। अब थाना क्षेत्र के बेहद संवेदनशील इलाके और थाना के निकट एक और चोरी की घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चोरियों से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं। नगरवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
0 Response to "रात के अंधेरे में गरीब की रोजी पर वार: चाय गुमटी का ताला तोड़ नकदी, गैस सिलेंडर और सामान चोरी"
एक टिप्पणी भेजें