सोशल मीडिया पर प्रसारित बी०एल०ओ० द्वारा राशि मांगने संबंधी खबर पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन एवं अफवाह: जांच में हुई पुष्टि
रविवार, 12 जुलाई 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद:जागो गाँव न्यूज एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 41-झरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या-167 की बी०एल०ओ० (BLO) ज्योति विश्वकर्मा द्वारा एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया के दौरान गणना प्रपत्र के वितरण एवं उसे भरने के एवज में अवैध राशि की मांग किए जाने संबंधी एक खबर प्रसारित की गई थी।
उक्त भ्रामक खबर का त्वरित संज्ञान लेते हुए उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी, धनबाद आदित्य रंजन द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के कड़े आदेश दिए गए थे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO)-सह-अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था), धनबाद द्वारा 41-झरिया विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO)-सह-अंचल अधिकारी, झरिया एवं अंचल अधिकारी, बलियापुर के माध्यम से संयुक्त रूप से मामले की गहन स्थलीय जांच कराई गई।
जांच दल द्वारा समर्पित विस्तृत प्रतिवेदन के अनुसार, उक्त मतदान केंद्र क्षेत्र के अंतर्गत वीडियो में दिखाई दे रही संबंधित महिला सविता देवी, एक अन्य महिला द्रौपदी देवी, बी.एल.ए.-2 (BLA-2) राम जी सिंह तथा स्थानीय 20 से 25 मतदाताओं (जिनमें नितेश अग्रवाल, दीपक धीवर आदि शामिल हैं) से प्रत्यक्ष पूछताछ की गई।
जांच में सामने आए मुख्य तथ्य:
पूछताछ के उपरांत यह प्रामाणिक तथ्य प्रकाश में आया कि बी०एल०ओ० ज्योति विश्वकर्मा द्वारा किसी भी प्रकार की अवैध राशि की मांग नहीं की गई थी। संबंधित महिला सविता देवी द्वारा बी०एल०ओ० को फोटो बनवाने के एवज में स्वेच्छा से ₹20/- (बीस रुपये) दिए गए थे, जिसकी पुष्टि स्वयं सविता देवी की बहू ने प्रत्यक्ष रूप से की है (सविता देवी के वर्तमान में मायके में उपस्थित होने के कारण)। इसके अतिरिक्त, अन्य किसी भी मतदाता या गवाह द्वारा बी०एल०ओ० द्वारा प्रपत्र वितरण या भरने के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि मांगे जाने की बात से साफ इनकार किया गया है।
अतः जांचोपरांत यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि 41-झरिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के भाग संख्या-167 की बी०एल०ओ० ज्योति विश्वकर्मा के विरुद्ध सोशल मीडिया एवं न्यूज़ चैनलों पर प्रसारित खबर पूर्णतः निराधार, भ्रामक एवं तथ्यहीन है। यह मात्र एक दुर्भावनापूर्ण अफवाह है जिसका वास्तविकता से कोई सरोकार नहीं है।
आम मतदाताओं से अपील:
जिला प्रशासन एवं जिला निर्वाचन कार्यालय सभी सम्मानित मतदाताओं से यह अपील करता है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली ऐसी किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों एवं अफवाहों पर ध्यान न दें। एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क और पारदर्शी है, इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। यदि किसी भी स्तर पर किसी भी कर्मी द्वारा किसी भी कार्य के एवज में राशि की मांग की जाती है, तो तत्काल इसकी सूचना अपने संबंधित AERO या ERO को देना सुनिश्चित करें।
0 Response to "सोशल मीडिया पर प्रसारित बी०एल०ओ० द्वारा राशि मांगने संबंधी खबर पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन एवं अफवाह: जांच में हुई पुष्टि"
एक टिप्पणी भेजें