लारा में चोरों का तांडव; पुनीत और सुमित के घर से शादी के गहने साफ, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम।
शनिवार, 11 जुलाई 2026
Comment
दो और घरों को भी बनाया था चोर ने निशाना।
भानुमित्र संवाददाता।
हजारीबाग चुरचू थाना क्षेत्र के लारा गांव में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाया। इस दौरान चोरों ने दो सगे भाई पुनीत राम और सुमित राम के घरों से बेटी की शादी के लिए रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, शिव कुमार नामक ग्रामीण के घर का ताला तोड़ने के बाद भी चोर कुत्तों के भौंकने के कारण बड़ी वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे। सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। वंही पुनीत और सुमित के घर बिखरा सामान मिला चोरों ने लारा गांव निवासी पुनीत राम और सुमित राम के घरों को मुख्य रूप से निशाना बनाया। पीड़ित परिवार के घर में बेटी की शादी होने वाली थी। जिसके लिए उन्होंने बड़ी उम्मीदों से सोने और चांदी के कीमती आभूषण खरीदकर घर में रखे थे। चोरों ने टाला को हाथोडी और अन्य औजारों की मदद से ताले तोड़े और बक्से में रखे सारे जेवर समेटकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब परिजनों ने घर का बिखरा हुआ सामान और टूटे ताले देखे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शादी की खुशियां पल भर में मायूसी में बदल गईं। शिव कुमार के घर वफादार कुत्तों ने फेल की चोरों की साजिश चोरों के हौसले इतने बुलंद थे की अपना चौथा निशाना बनाया। चोरों ने शिव कुमार के घर का ताला तोड़ दिया था और अंदर घुसने की फिराक में थे। तभी घर के वफादार कुत्तों ने अजनबी आहट सुनकर तेजी से भौंकना शुरू कर दिया। कुत्तों की आवाज सुनकर घरवाले तुरंत जाग गए, जिससे घबराकर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग खड़े हुए। इसके अलावा एक अन्य घर में भी चोरों ने लाइट ऑफ कर चोरी की नाकाम कोशिश की थी। मौके पर चुरचू पुलिस, फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए सबूत सुबह होते ही ग्रामीणों ने इस बड़ी घटना की सूचना तुरंत चुरचू थाना को दी। सूचना मिलते ही चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्वनी ने अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल से चोरों के फिंगरप्रिंट्स (उंगलियों के निशान) और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य (सबूत) जुटाए हैं। और मामला को दर्ज कर चुरचू थाना प्रभारी कुमार अश्विन ने कहा कि इन वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और वे सलाखों के पीछे होंगे। इस घटना के बाद से पूरे लारा गांव में आक्रोश और भय का माहौल है, ग्रामीण रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
0 Response to "लारा में चोरों का तांडव; पुनीत और सुमित के घर से शादी के गहने साफ, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम।"
एक टिप्पणी भेजें