सोनम वांगचुक से वार्ता कर भूख हड़ताल समाप्त कराने की मांग, धनबाद में प्रदर्शन
शुक्रवार, 17 जुलाई 2026
Comment
रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
धनबाद: अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा, धनबाद ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर केंद्र सरकार से तत्काल पहल करने की मांग की है। इस मांग को लेकर शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर संगठन के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव व जिलाध्यक्ष अशोक कुमार ने किया।
प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के कैबिनेट सचिव के नाम उपायुक्त, धनबाद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सोनम वांगचुक शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लंबे समय से कार्य करते रहे हैं तथा उनके योगदान को देखते हुए सरकार को उनके जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। संगठन ने कहा कि वांगचुक 28 जून 2026 से गांधीवादी तरीके से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। ऐसे में सरकार को उनसे शीघ्र वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए, ताकि उनका अनशन समाप्त हो सके।
ज्ञापन में देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों, बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा संवैधानिक संस्थाओं में घटते जनविश्वास पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने दोषियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने संविधान के अनुरूप सभी युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने तथा शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग की। अंत में सरकार से आग्रह किया गया कि देशहित और समाजहित को ध्यान में रखते हुए सोनम वांगचुक से जल्द वार्ता शुरू कर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई जाए। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष अशोक कुमार, प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव नंदकिशोर सिंह, जयप्रकाश यादव, महेश कुमार यादव,देवेंद्र यादव, मुमताज कुरैशी, शिव सिंह यादव, राधेश्याम यादव, मनोज कुमार यादव, शिव शंकर भुइयाँ अधिवक्ता राकेश कुमार, रंजीत यादव, रंजीत कुमार, अमित कुमार यादव, अधिवक्ता महेंद्र कुमार गोप सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
0 Response to "सोनम वांगचुक से वार्ता कर भूख हड़ताल समाप्त कराने की मांग, धनबाद में प्रदर्शन"
एक टिप्पणी भेजें