मंडलकारा पाकुड़ में जेल अदालत सह मेडिकल कैंप आयोजित, बंदियों को मिली कानूनी व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
रविवार, 19 जुलाई 2026
Comment
पाकुड़ : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची के निर्देश पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पाकुड़ की ओर से मंडलकारा पाकुड़ में जेल अदालत सह चिकित्सीय जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर डीएलएसए सचिव रूपा बंदना किरो की उपस्थिति में हुआ।
शिविर के दौरान बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, प्ली बार्गेनिंग सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। सचिव रूपा बंदना किरो ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विचाराधीन बंदियों को त्वरित एवं प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराकर उनके मामलों का समुचित पैरवी सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में बंदियों को उनके मामलों की वर्तमान स्थिति, न्यायिक प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता के माध्यम से वादों के निष्पादन तथा न्याय तक आसान पहुंच के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बंदियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके मामलों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इसके साथ ही आयोजित चिकित्सीय जांच शिविर में बंदियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
0 Response to "मंडलकारा पाकुड़ में जेल अदालत सह मेडिकल कैंप आयोजित, बंदियों को मिली कानूनी व स्वास्थ्य संबंधी जानकारी"
एक टिप्पणी भेजें