जर्मनी में सिंदरी निवासी युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग
रविवार, 26 जुलाई 2026
Comment
धनबाद:धनबाद के सिंदरी निवासी तूफान मिश्रा का 5 जुलाई को जर्मनी में निधन हो गया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसी संदर्भ में रविवार को गांधी सेवा सदन में प्रेस वार्ता कर तूफान मिश्रा के छोटे भाई आकाश मिश्रा ने मीडिया को बताया कि तूफान मिश्रा पिछले 12 वर्षों से जर्मनी की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने ओडिशा निवासी शुभाषनीता मिश्रा से प्रेम विवाह किया था। दोनों जर्मनी में रहकर निजी कंपनियों में नौकरी करते थे। उनका एक छोटा बच्चा भी है। मृतक की पत्नी शुभाषनीता मिश्रा के अनुसार, सीढ़ी से गिरने के कारण तूफान मिश्रा के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे ब्रेन हेमरेज हो गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी वजह से उन्हें मौत की परिस्थितियों पर संदेह है। परिजनों ने आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
परिजनों ने भारत सरकार और झारखंड सरकार से मांग की है कि तूफान मिश्रा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिंदरी (धनबाद) लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म यहीं संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में आकाश मिश्रा और उनके पिता मौजूद थे।
0 Response to "जर्मनी में सिंदरी निवासी युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग"
एक टिप्पणी भेजें