-->
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान: दुर्घटना प्रबंधन, हिट एंड रन मुआवजा, कैशलैस उपचार और डिजिटल निगरानी पर थाना प्रभारियों को मिले विस्तृत निर्देश

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान: दुर्घटना प्रबंधन, हिट एंड रन मुआवजा, कैशलैस उपचार और डिजिटल निगरानी पर थाना प्रभारियों को मिले विस्तृत निर्देश

पाकुड़ : जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रबंधन तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी थाना प्रभारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना के बाद त्वरित राहत, पीड़ितों को समयबद्ध सहायता तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से दुर्घटनाओं के बेहतर प्रबंधन की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वाहन जांच अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई, दंड अधिरोपण, चालान की प्रक्रिया तथा मामलों के शीघ्र, सरल एवं पारदर्शी निष्पादन की समीक्षा की गई। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए।
समीक्षा के दौरान हिट एंड रन सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में सरकार द्वारा निर्धारित अनुग्रह मुआवजा राशि पात्र लाभुकों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। आवेदन की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा संबंधित विभागों के समन्वय के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई, ताकि पीड़ित परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में आपदा प्रबंधन के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली मुआवजा राशि का लाभ शीघ्र दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की भूमिका और दायित्वों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक पात्र परिवार को निर्धारित समय सीमा के भीतर सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन किया जाए।
सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मद्यपान कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चलाए जाने वाले जांच अभियान को सुदृढ़ करने पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में श्वास परीक्षण यंत्र सहित अन्य मशीनी उपकरणों के सही संचालन, जांच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, दंड अधिरोपण तथा वसूली की पूरी प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नेक नागरिक (गुड सेमेरिटन) को मिलने वाले प्रोत्साहन, चयन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी विस्तार से दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऐसे नागरिकों को सम्मानित करने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी रखी जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं।
इसके साथ ही कैशलैस उपचार योजना के अंतर्गत दुर्घटना के प्रथम चरण से लेकर अंतिम उपचार तक की संपूर्ण व्यवस्था, संबंधित विभागों के समन्वय तथा आवश्यक दस्तावेजों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को उपचार मिलने में अनावश्यक विलंब न हो और सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
सड़क दुर्घटनाओं के डिजिटल प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आईरैड एवं ईडैड पोर्टल पर प्रत्येक सड़क दुर्घटना की समयबद्ध तथा शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संबंधी आंकड़ों की गुणवत्ता, सत्यता तथा त्वरित अद्यतन की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई, ताकि भविष्य में सड़क सुरक्षा संबंधी योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों पर रेडियम परावर्तक पट्टी अनिवार्य रूप से लगाने, उसके उपयोग तथा रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विशेष जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस संबंध में नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक के अंत में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि सड़क सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटना प्रबंधन से जुड़े प्रत्येक कार्य का निष्पादन नई कार्यप्रणाली, पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत, गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पाकुड़, थाना प्रभारी पाकुड़, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, आमड़ापाड़ा, रद्दीपुर, सिमलोंग, पाकुड़िया, महेशपुर, मालपहाड़ी, मुफस्सिल, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक तथा जिला रोल आउट मैनेजर अंकित कुमार उपस्थित रहे।

0 Response to "सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान: दुर्घटना प्रबंधन, हिट एंड रन मुआवजा, कैशलैस उपचार और डिजिटल निगरानी पर थाना प्रभारियों को मिले विस्तृत निर्देश"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4