हिरणपुर में दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर संपन्न: लाइसेंस वितरण के साथ सड़क सुरक्षा कैशलैस उपचार और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
मंगलवार, 7 जुलाई 2026
Comment
हिरणपुर : जिले के अधिकाधिक वाहन चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस से जोड़ने तथा लाइसेंस निर्माण प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला परिवहन कार्यालय, पाकुड़ द्वारा प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति (लर्नर लाइसेंस) शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के मार्गदर्शन में हिरणपुर अंचल में 6 एवं 7 जुलाई को दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर के दूसरे एवं अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन किया। दूसरे दिन कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए पात्र 45 आवेदकों को नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति अंचल अधिकारी हिरणपुर मनोज कुमार के हाथों प्रदान की गई। शिविर में पहुंचे सभी आवेदकों एवं आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले आगामी प्रखंड एवं अंचल स्तरीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। जिला परिवहन कार्यालय ने भरोसा दिलाया कि नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग सदैव तत्पर है।
शिविर के दौरान उपस्थित वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और जिम्मेदारीपूर्वक वाहन संचालन करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही हिट एंड रन दुर्घटनाओं में सरकार द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि, दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलैस उपचार योजना, नेक नागरिक (गुड सेमेरिटन) योजना, राहवीर योजना तथा आपदा प्रबंधन के अंतर्गत संचालित विभिन्न सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ किस प्रकार प्राप्त किया जा सकता है।
जिला परिवहन कार्यालय ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से पुनः अपील की है कि वे आगामी प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविरों में पहुंचकर अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाएं तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
0 Response to "हिरणपुर में दो दिवसीय नवशिक्षु चालक अनुज्ञप्ति शिविर संपन्न: लाइसेंस वितरण के साथ सड़क सुरक्षा कैशलैस उपचार और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक"
एक टिप्पणी भेजें