-->
शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह। प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का प्रयोग नहीं करने का अनुरोध।

शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह। प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का प्रयोग नहीं करने का अनुरोध।


रवि फिलिप्स (ब्यूरो चीफ धनबाद) भानुमित्र न्यूज़🖋️
 धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय के सभागार में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर बैठक आयोजित की गई। 

उपायुक्त ने मुख्य समारोह की सारी तैयारियां 13 अगस्त तक पूरी कर लेने, साफ सफाई, शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में अग्निशमन वाहन के साथ एंबुलेंस व चिकित्सक की टीम रखने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त ने सभी आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी विद्यालय सहित जिले के सभी सरकारी भवनों में झंडोत्तोलन करने तथा स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जिला व प्रखंड के सभी सरकारी भवन व परिसर की अच्छे से साफ सफाई व रंग रोगन करने का निर्देश दिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त द्वारा सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, सुबह 8:00 बजे उपायुक्त के आवासीय कार्यालय, सुबह 9:00 बजे मुख्य समारोह स्थल तथा सुबह 10:00 बजे धनबाद समाहरणालय में झंडोत्तोलन किया जाएगा। 

वहीं उप विकास आयुक्त 10:20 बजे मिश्रित भवन में, अनुमंडल दंडाधिकारी 10:30 बजे अनुमंडल कार्यालय में, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर 10:40 बजे गांधी सेवा सदन में, अनुमंडल दंडाधिकारी रेड क्रॉस सोसाइटी में 10:50 बजे तथा वरीय पुलिस अधीक्षक 11:00 बजे पुलिस लाइन में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

उपायुक्त के निर्देश पर इस बार बेलगड़िसा स्थित जेआरडीए के प्रशासनिक भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। समारोह में बेलगड़िया कॉलोनी के सभी निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। 

शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह में डीएपी व एनसीसी के दो - दो प्लाटून तथा सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड, ग्रामीण पुलिस के एक - एक प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे। 9 अगस्त से 13 अगस्त तक परेड का पूर्वाभ्यास शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में किया जाएगा। 13 अगस्त को उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में परेड के पूर्वाभ्यास व समारोह की तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।

मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त व 15 अगस्त की संध्या शहर के श्रमिक चौक, स्टील गेट, रणधीर वर्मा चौक, अंबेडकर चौक सहित अन्य प्रमुख चौक चौराहों तथा समाहरणालय भवन, मिश्रीत भवन, अनुमंडल कार्यालय भवन, वाणीज्य कर कार्यालय व अन्य प्रमुख भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। जिला एवं प्रखंड के सभी चौक चौराहे पर स्थापित प्रतिमा की साफ सफाई भी की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे जिले में ड्राई डे रहेगा। वहीं 14 अगस्त की संध्या न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 

बैठक में मंच संचालन, गोल्फ ग्राउंड का समतलीकरण, साज सज्जा, साफ सफाई, परेड, सुरक्षा, आगंतुकों के स्वागत तथा उन्हें निर्धारित स्थान पर बैठाने, विधि व्यवस्था, सोशल मीडिया में कार्यक्रम के लाइव प्रसारण इत्यादि पर उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Response to "शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह। प्लास्टिक के राष्ट्रीय ध्वज का प्रयोग नहीं करने का अनुरोध। "

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4