डीएवी पाकुड़ में 21 कुंडीय हवन से गूंजा विश्व शांति का संदेश
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के विद्यार्थियों ने गुरुवार को शहर में प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने किया। इसमें विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता संबंधी नारे लगाते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान छात्राओं ने लोगों की कलाइयों पर राखी बांधी और उपहार के रूप में उनसे नशा छोड़ने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों की इस पहल के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में विश्व शांति, नशा जागरूकता एवं मानव कल्याण की कामना को लेकर 21 कुंडीय हवन कार्यक्रम सह चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाकुड़ न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्रा, उप विकास आयुक्त अरविंद लाल एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित हुए। अतिथियों ने हवन कार्यक्रम में श्रद्धापूर्वक आहुति दी।
अपने संबोधन में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्रा ने कहा कि डीएवी में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर भी विशेष बल दिया जाता है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शहर के गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित हवन कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति दी। इस दौरान समाज में शांति, सद्भाव, सकारात्मक वातावरण और मानव कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को संदेश दिया कि स्वस्थ, सुखी और बेहतर समाज के निर्माण के लिए नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना जरूरी है। साथ ही आपसी प्रेम, शांति, सद्भाव और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति एवं सभी के कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।
0 Response to "डीएवी पाकुड़ में 21 कुंडीय हवन से गूंजा विश्व शांति का संदेश"
एक टिप्पणी भेजें