ईद मिलाद-उन-नबी पर पाकुड़ जिले में 30 जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न, चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की कड़ी निगरानी
बुधवार, 26 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को पाकुड़ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 30 जुलूस निकाले गए। सभी जुलूस पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। जुलूस के निर्धारित मार्गों के साथ-साथ मस्जिदों, अन्य धार्मिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस पदाधिकारी एवं जवान लगातार अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी करते रहे, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
पाकुड़िया में सबसे अधिक 12 जुलूस निकले
जिले में निकाले गए 30 जुलूसों में सबसे अधिक 12 जुलूस पाकुड़िया थाना क्षेत्र में निकाले गए। इसके अलावा महेशपुर थाना क्षेत्र में 9, मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में 6, पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में 1, मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 1 तथा अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में 1 जुलूस निकाला गया।
सभी जुलूसों के दौरान पुलिस बल एवं पदाधिकारियों ने निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की गई तथा जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार सतर्कता बरती गई।
क्यूआरटी को दंगारोधी उपकरणों के साथ रखा गया तैयार
किसी भी विषम परिस्थिति से तत्काल निपटने के लिए विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) को मुस्तैद रखा गया था। क्यूआरटी के जवान लाठी, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन सहित आवश्यक दंगारोधी उपकरणों के साथ तैयार रहे। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्यूआरटी को पूरी तरह तैयार रखा गया था।
ड्रोन, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से हुई निगरानी
पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी का भी उपयोग किया गया। पुलिस की ओर से जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया मंचों पर भी पुलिस की कड़ी नजर रही, ताकि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक गतिविधि की तत्काल पहचान की जा सके।
पुलिस प्रशासन की सतर्कता और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के सभी 30 जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रही और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस प्रशासन की ओर से आपात स्थिति में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। पुलिस की आपातकालीन सेवा के लिए 112, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930, महिला हेल्पलाइन के लिए 1091, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन के लिए 181, बाल हेल्पलाइन के लिए 1098 तथा एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
0 Response to "ईद मिलाद-उन-नबी पर पाकुड़ जिले में 30 जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न, चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की कड़ी निगरानी"
एक टिप्पणी भेजें