ईद-मिलाद-उन-नबी पर पाकुड़ में कड़ी सुरक्षा, मस्जिदों और जुलूस मार्गों पर पुलिस तैनात; हर दो घंटे में क्यूआरटी देगी खैरियत रिपोर्ट
बुधवार, 26 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ :ईद-मिलाद-उन-नबी पर्व 2026 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़ की ओर से 26 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले की सभी मस्जिदों, जुलूस मार्गों, संवेदनशील इलाकों, धार्मिक स्थलों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के जवानों को सभी आवश्यक सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों से लैस कर थानों में हर समय सतर्क रखा गया है। क्यूआरटी के जवान हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन (आंसू गैस गन) सहित अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ किसी भी विषम परिस्थिति से तत्काल निपटने के लिए तैयार रहेंगे। पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया मंचों की भी लगातार 24 घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हर दो घंटे में देनी होगी खैरियत रिपोर्ट
विधि-व्यवस्था संधारण के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों तथा विधि-व्यवस्था ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी जवानों, गृह रक्षकों एवं चौकीदारों को ब्रीफिंग देकर पर्व के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गठित क्यूआरटी को निर्देश दिया गया है कि सभी जवान सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों, जैसे हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर, टीजी गन आदि के साथ अपने-अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर मुस्तैदी से उपस्थित रहेंगे। क्यूआरटी के लिए विशेष रूप से बनाए गए व्हाट्सऐप समूह में टीम के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं बल अनिवार्य रूप से जुड़े रहेंगे। टीम को प्रत्येक दो घंटे में अपने क्षेत्र की खैरियत रिपोर्ट के साथ ताजा तस्वीरें भी समूह में अपडेट करनी होंगी।
बिना अनुमति क्यूआरटी की नफरी नहीं तोड़ने का निर्देश
संबंधित थाना या ओपी प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि किसी भी परिस्थिति में पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ की पूर्व अनुमति के बिना क्यूआरटी बलों की संख्या यानी नफरी को नहीं तोड़ा जाएगा। क्यूआरटी का उपयोग आवश्यकता के अनुरूप एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही किया जाएगा।
सभी क्यूआरटी प्रभारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में संबंधित थाना या ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल को छोड़कर नहीं हटेंगे। विधि-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात अन्य सभी जवानों एवं बलों को भी पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं मुस्तैदी के साथ अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस प्रशासन की ओर से आपात स्थिति में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। पुलिस की आपातकालीन सेवा के लिए 112, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन के लिए 181, बाल हेल्पलाइन के लिए 1098, महिला हेल्पलाइन के लिए 1091, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 तथा एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दें।
0 Response to "ईद-मिलाद-उन-नबी पर पाकुड़ में कड़ी सुरक्षा, मस्जिदों और जुलूस मार्गों पर पुलिस तैनात; हर दो घंटे में क्यूआरटी देगी खैरियत रिपोर्ट"
एक टिप्पणी भेजें