-->
नाली निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, दो माह से अधूरा पड़ा काम

नाली निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, दो माह से अधूरा पड़ा काम

अमड़ापाड़ा : प्रखंड क्षेत्र के अमड़ापाड़ा संथाली पंचायत अंतर्गत रसिटोला गांव में नाली निर्माण के लिए करीब दो माह पूर्व जेसीबी से खोदा गया गड्ढा अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण का काम शुरू तो किया गया, लेकिन करीब 100 फीट हिस्से में खुदाई करने के बाद काम छोड़ दिया गया। लंबे समय से गड्ढा खुला पड़ा है और उसमें पानी जमा होने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार नाली निर्माण के लिए करीब डेढ़ सौ से दो सौ फीट तक कार्य किया गया है, जबकि लगभग 100 फीट हिस्से में खुदाई करने के बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के लिए आवंटन उपलब्ध नहीं था तो पहले से गड्ढा खोदकर छोड़ना उचित नहीं था। काम अधूरा रहने के कारण अब बारिश का पानी गड्ढे में जमा हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढे में पानी भर जाने के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। छोटे-छोटे बच्चे आसपास खेलते रहते हैं, ऐसे में उनके गड्ढे में गिरने और डूबने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि किसी अनहोनी के बाद जिम्मेदारी तय करने से बेहतर है कि विभाग समय रहते अधूरे निर्माण को पूरा कराए अथवा खुले गड्ढे को मिट्टी से भरकर समतल कराए।
ग्रामीणों के मुताबिक नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे के कारण चार-पांच परिवारों को अपने घरों में आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। घर से बाहर निकलने और अंदर जाने के लिए लोगों को स्वयं मिट्टी डालकर रास्ता बनाना पड़ा है। इससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि नाली निर्माण के लिए राशि उपलब्ध नहीं थी तो पहले खुदाई कर काम अधूरा छोड़ना कहां तक उचित है। विभाग को तत्काल स्थल का निरीक्षण कर स्थिति की जांच करनी चाहिए और जल्द से जल्द नाली निर्माण पूरा कराना चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि फिलहाल नाली निर्माण पूरा कराना संभव नहीं है तो खुले गड्ढे को मिट्टी से भरकर बराबर किया जाए, ताकि ग्रामीणों और खासकर छोटे बच्चों के साथ किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने संबंधित विभाग से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

0 Response to "नाली निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा बना ग्रामीणों के लिए मुसीबत, दो माह से अधूरा पड़ा काम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4