-->
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई जारी

मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई जारी

पाकुड़ : मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत पाकुड़ जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस एवं सुनवाई चरण की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न पंचायत भवनों एवं समाहरणालय में नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई आयोजित की गई। सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं के दावों तथा उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वैसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, जो मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया में ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में पाए गए हैं अथवा जिनकी मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है। सुनवाई का उद्देश्य संबंधित पात्र मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का अवसर देना तथा उनके दावों एवं दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कर मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना है।

सुनवाई के दौरान नोटिस प्राप्त मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित 12 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के माध्यम से अपनी पात्रता प्रमाणित करने का अवसर दिया जा रहा है। प्रस्तुत दस्तावेजों के परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम एवं विवरण को नियमानुसार मतदाता सूची में सुरक्षित एवं अद्यतन रखने की कार्रवाई की जा रही है।

यह सुनवाई निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर पर संचालित की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा मतदाताओं के दावों और प्रस्तुत दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षण किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी नोटिस प्राप्त मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें और मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन का कहना है कि विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित और विश्वसनीय बनाना है। इसके माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

0 Response to "मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई जारी"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4