बंद पड़े बीएसएनएल टावर में चोरी का प्रयास, ग्रामीणों के हल्ले पर बाइक छोड़ भागे चोर
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Comment
हिरणपुर : वर्षों से बंद पड़े दराजमाठ स्थित बीएसएनएल टावर में बुधवार देर रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने टावर में लगे तांबे के तारों को काटकर निकाल लिया और चोरी के सामान को बाइक के पीछे बनाए गए मालवाहक हिस्से में लोड करने लगे। इसी दौरान आसपास के ग्रामीणों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के हल्ला करने पर चोर अफरा-तफरी में मौके से फरार हो गए और अपनी बाइक वहीं छोड़ गए।
ग्रामीणों के अनुसार घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वहां चोरी का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने मौके से जेएच 16आई 7899 नंबर की बाइक बरामद की और तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
बताया जा रहा है कि चोरों ने टावर में लगे तांबे के तार को काटकर निकाल लिया था। चोरी किए गए सामान को मौके से बाहर ले जाने के लिए बाइक के पीछे मालवाहक हिस्सा भी तैयार किया गया था। ग्रामीणों के अचानक सक्रिय होने के कारण चोर अपने मंसूबे में पूरी तरह सफल नहीं हो सके और सामान छोड़कर मौके से भाग निकले।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दराजमाठ स्थित बीएसएनएल टावर लंबे समय से बंद पड़ा है। ऐसे में रात के समय वहां चोरों द्वारा चोरी का प्रयास किए जाने से आसपास के लोगों में चिंता बढ़ गई है। मौके पर बाइक छूट जाने को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि बाइक के आधार पर पुलिस चोरी के प्रयास में शामिल आरोपियों की पहचान तक पहुंच सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है।
0 Response to "बंद पड़े बीएसएनएल टावर में चोरी का प्रयास, ग्रामीणों के हल्ले पर बाइक छोड़ भागे चोर"
एक टिप्पणी भेजें