आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनडीगा से पानी का मोटर चोरी, सीएचओ ने थाने में दिया आवेदन
रविवार, 23 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़िया : प्रखंड अंतर्गत डोमनगड़िया पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनडीगा से पानी का मोटर चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना से स्वास्थ्य केंद्र में पानी की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे केंद्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
घटना का पता रविवार को उस समय चला, जब आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनडीगा में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) मौसमी खातून करीब 11 बजे केंद्र पहुंचीं। केंद्र पहुंचने के बाद उनकी नजर उस स्थान पर पड़ी, जहां पानी का मोटर लगाया गया था। उन्होंने देखा कि मोटर लगाए जाने वाले स्थान को तोड़ा गया है। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने आसपास के क्षेत्र में जांच की, तो वहां से पानी का मोटर गायब मिला।
इसके बाद सीएचओ मौसमी खातून ने घटना की जानकारी संबंधित लोगों को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पाकुड़िया थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित आवेदन दिया है। आवेदन के माध्यम से पुलिस से मामले की जांच कर चोरी हुए पानी के मोटर को बरामद करने तथा घटना में शामिल अज्ञात चोर का पता लगाने की मांग की गई है।
स्वास्थ्य केंद्र से पानी का मोटर चोरी होने के बाद वहां पानी की नियमित व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रतिदिन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मरीजों एवं ग्रामीणों का आना-जाना होता है। ऐसे में पानी की व्यवस्था बाधित होने पर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है।
0 Response to "आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनडीगा से पानी का मोटर चोरी, सीएचओ ने थाने में दिया आवेदन"
एक टिप्पणी भेजें