अम्बेडकर चौक की बदहाल सड़क पर गरजे भाजयुमो जिला मंत्री अरविंद सिंह। बैंक-पोस्ट ऑफिस के बीच गड्ढे और जलजमाव से जनता परेशान, नगर निगम ले तत्काल संज्ञान
सोमवार, 31 अगस्त 2026
Comment
सिंदरी:धनबाद नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर देखना हो तो एक बार वार्ड 54, रोहराबांध मार्केट स्थित अम्बेडकर चौक आइए।
यह कोई अंदरूनी गली नहीं, बल्कि इस क्षेत्र का सबसे व्यस्ततम चौक है। एक तरफ बैंक, दूसरी तरफ पोस्ट ऑफिस, चारों तरफ बाजार। रोज हजारों लोगों की आवाजाही। लेकिन मुख्य सड़क की हालत देखकर लगता है जैसे यहां सालों से किसी अधिकारी का पैर तक नहीं पड़ा।
सड़क पर गहरे गड्ढे और उनमें लबालब भरा बरसाती-नाली का गंदा पानी। बैंक जाने वाले बुजुर्ग, पोस्ट ऑफिस जाने वाली महिलाएं, स्कूल के बच्चे और दुकानदार सभी को इसी जानलेवा कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या आज की नहीं है। सालों से नगर निगम से लिखित और मौखिक शिकायत की जा रही है, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिलता।
सोमवार को इसी जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए भाजयुमो जिला मंत्री, धनबाद ग्रामीण, अरविंद सिंह खुद मौके पर पहुंचे और पैदल निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
मौके पर अरविंद सिंह ने कहा रोहराबांध मार्केट के अम्बेडकर चौक मेन रोड का सबसे व्यस्त हिस्सा है। बैंक और पोस्ट ऑफिस के बीच ऐसे कई गड्ढे हैं जो सालों से नहीं भरे गए। यह सिर्फ सड़क की समस्या नहीं, यह जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। धनबाद नगर निगम को इस पर तत्काल संज्ञान लेकर मरम्मत और जल-निकासी की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।
अब सवाल नगर निगम से है:
बैंक और पोस्ट ऑफिस जैसी महत्वपूर्ण जगहों के बीच की सड़क का यह हाल क्यों?
सालों की शिकायत के बाद भी स्थायी समाधान क्यों नहीं?
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
0 Response to "अम्बेडकर चौक की बदहाल सड़क पर गरजे भाजयुमो जिला मंत्री अरविंद सिंह। बैंक-पोस्ट ऑफिस के बीच गड्ढे और जलजमाव से जनता परेशान, नगर निगम ले तत्काल संज्ञान"
एक टिप्पणी भेजें