पेसा कानून के तहत ग्राम सभा का गठन, लक्ष्मी देवी सहायक सचिव और गौरव दत्ता बने कोषाध्यक्ष
रविवार, 23 अगस्त 2026
Comment
हिरणपुर : प्रखंड के सुंदरपुर पंचायत अंतर्गत मौजा सुंदरपुर पंचायत भवन में उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) झारखंड नियमावली 2025 के प्रावधानों के आलोक में पारंपरिक ग्राम सभा एवं उसकी सीमा के निर्धारण और सत्यापन को लेकर ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम प्रधान माधव चंद्र शील की अध्यक्षता में हुई ग्राम सभा में पेसा कानून के तहत ग्राम सभा के कार्यालय स्थल के चयन, सहायक सचिव एवं कोषाध्यक्ष के चयन के साथ-साथ क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने पेसा कानून के प्रावधानों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर ग्राम सभा को प्रभावी बनाने और निर्णय लेने की प्रक्रिया को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। चर्चा के बाद उपस्थित ग्रामीणों की सर्वसम्मति से पुराने पंचायत भवन, सुंदरपुर को ग्राम सभा के कार्यालय स्थल के रूप में चयनित किया गया। ग्राम सभा के संचालन और गतिविधियों के लिए चयनित कार्यालय स्थल का उपयोग किए जाने पर सहमति बनी।
बैठक में ग्राम सभा की सीमा एवं क्षेत्र के निर्धारण को लेकर नजरी नक्शा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत क्षेत्र के प्रमुख स्थानों को नक्शे में दर्शाया गया, ताकि ग्राम सभा के अधिकार क्षेत्र और पारंपरिक सीमा का स्पष्ट निर्धारण एवं सत्यापन किया जा सके।
ग्राम सभा में सहायक सचिव पद के लिए लक्ष्मी देवी तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए गौरव दत्ता का सर्वसम्मति से चयन किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में अपनी सहमति प्रदान करते हुए दोनों को जिम्मेदारी सौंपी।
ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि पेसा कानून के प्रावधानों के अनुरूप ग्राम सभा को मजबूत और प्रभावी बनाने से स्थानीय स्तर पर निर्णय लेने की प्रक्रिया में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी। ग्रामीणों ने ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करने और सामूहिक सहमति के आधार पर निर्णय लेने की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
बताया गया कि हिरणपुर प्रखंड के अन्य कई गांवों में भी ग्राम प्रधानों की अध्यक्षता में ग्राम सभाओं का आयोजन कर सहायक पंचायत सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई है। इस दौरान पारंपरिक ग्राम सभा की सीमा के निर्धारण, सत्यापन और पेसा कानून के तहत ग्राम सभा को प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
0 Response to "पेसा कानून के तहत ग्राम सभा का गठन, लक्ष्मी देवी सहायक सचिव और गौरव दत्ता बने कोषाध्यक्ष"
एक टिप्पणी भेजें