जनजाति सुरक्षा मंच की नई प्रखंड कमेटी गठित, सनातन सोरेन बने अध्यक्ष
रविवार, 23 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़िया : जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले रविवार, 23 अगस्त 2026 को पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के तलवा स्थित गिरी वनवासी कल्याण परिसर में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला उपाध्यक्ष अमर कुमार भगत ने की। इसमें जिला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से संगठन के सदस्य शामिल हुए। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों को प्रखंड स्तर पर और प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद उपस्थित सदस्यों की सहमति से पाकुड़िया प्रखंड स्तरीय नई कमेटी का गठन किया गया। नई कमेटी में हरिपुर निवासी सनातन सोरेन को अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
तेतुलिया निवासी रामराज यादव और फुलझझरी पंचायत अंतर्गत दलदली निवासी गोमस्ता हेंब्रम को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं चरकाडंगा निवासी वकील हेंब्रम को सचिव तथा लागडुम निवासी चुंडा मुर्मू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अमर कुमार भगत, जिला सचिव उमेश शाह, जनजाति सुरक्षा मंच के प्रांत संयोजक सुलेमान शंकर मुर्मू, केंद्रीय कोषाध्यक्ष सह जिला संरक्षक स्टीफन हेंब्रम, जिला संयोजक शिव ठाकुर किसकू, जिला संगठन से प्रिया अनीता हांसदा और जिला महिला प्रमुख कल्पना हेंब्रम सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
नई कमेटी के गठन के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी गई। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा से कार्य करने तथा समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों को प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। नई प्रखंड कमेटी के गठन के साथ संगठन ने पाकुड़िया प्रखंड में अपनी गतिविधियों को और गति देने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
0 Response to "जनजाति सुरक्षा मंच की नई प्रखंड कमेटी गठित, सनातन सोरेन बने अध्यक्ष"
एक टिप्पणी भेजें