नबी की हिदायत पर चलकर दुनिया और आखरत में कामयाबी हासिल होगी : शाहनशा आलम
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार की देर शाम नामू टोला स्थित ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन भवन में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में मिलादुन्नबी एवं फातेहा खानी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कुरान पाठ से हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने मिलाद में शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब को खिराज-ए-अकीदत पेश किया और फातेहा खानी में शिरकत की।
कार्यक्रम में हरिनडांगा जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना शाहनशा आलम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की हयात-ए-जिंदगी और उनकी शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अल्लाह ने नबी को इंसानों के बीच इसलिए भेजा, ताकि लोग जिंदगी जीने का सही मकसद हासिल कर सकें और सच्चाई एवं नेक रास्ते पर चलकर अपनी जिंदगी गुजारें।
मौलाना शाहनशा आलम ने कहा कि जब नबी हजरत मोहम्मद साहब दुनिया में तशरीफ लाए, उस समय समाज में जाहिलियत का दौर था। कबीले एक-दूसरे के खून के प्यासे थे और इंसानियत को गंभीर रूप से ठेस पहुंच रही थी। उस दौर में बेटियों को जिंदा दफन करने जैसी कुप्रथाएं प्रचलित थीं। उन्होंने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने इंसान को जिंदगी जीने का सही तरीका बताया और इंसानियत, भाईचारे तथा सही रास्ते की शिक्षा दी।
उन्होंने कहा कि नबी को दुनिया में भेजने का अल्लाह का मकसद इंसान को सही रास्ते पर लाना था। यदि कोई सच्चे रसूल को मानने वाला है तो उसे नमाज कायम करनी चाहिए। नमाज रसूल की आंखों की ठंडक है। उन्होंने लोगों से कुरान और हदीस की रोशनी में अपनी जिंदगी गुजारने की अपील करते हुए कहा कि नबी के बताए रास्ते पर चलकर इंसान दुनिया और आखरत दोनों में कामयाबी हासिल कर सकता है।
0 Response to "नबी की हिदायत पर चलकर दुनिया और आखरत में कामयाबी हासिल होगी : शाहनशा आलम"
एक टिप्पणी भेजें