राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन पाकुड़ में खेलों का जोश, खिलाड़ियों को मिली खेल सामग्री; कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में दिखी प्रतिभा
शनिवार, 29 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़ : राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर जिले में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण करने के साथ कबड्डी एवं वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। वहीं, “एक घंटा खेल के मैदान में” अभियान के तहत बास्केटबॉल से जुड़ी विशेष खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों एवं युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि और फिटनेस के प्रति जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सीएसआर के तहत बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड द्वारा पाकुड़ खेल अकादमी के खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया। क्रिकेट, फुटबॉल एवं एथलेटिक्स विधा से जुड़े खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई। खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने नियमित अभ्यास के माध्यम से अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने की प्रतिबद्धता जताई।
खेल सामग्री वितरण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल, बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के सीएसआर प्रबंधक एवं प्रतिनिधि संजय बेसरा तथा जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि उपलब्ध कराई गई खेल सामग्री खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण और खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और निरंतर मेहनत के साथ अपने खेल कौशल को निखारने का आह्वान किया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के सीएसआर प्रबंधक एवं प्रतिनिधि संजय बेसरा ने कहा कि कंपनी सामाजिक दायित्व के तहत क्षेत्र में खेल और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए निरंतर सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने बीजीआर माइनिंग इंफ्रा लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएसआर के माध्यम से प्राप्त खेल सामग्री पाकुड़ खेल अकादमी के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आवश्यक संसाधन और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।
इसके उपरांत डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र के कबड्डी एवं वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने मैदान में अपने खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न तकनीकी कौशल, अभ्यास और खेल की बारीकियों का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन में खेल के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना साफ तौर पर दिखाई दी।
वहीं, राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन संत जोसफ विद्यालय में बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए “एक घंटा खेल के मैदान में” कार्यक्रम के तहत विशेष खेल गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान खिलाड़ियों ने एक घंटे तक मैदान में अभ्यास किया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने ड्रिब्लिंग, पासिंग, शूटिंग और टीम समन्वय सहित बास्केटबॉल के विभिन्न तकनीकी पहलुओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा “एक घंटा खेल के मैदान में” के संदेश के माध्यम से शारीरिक फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना है।
राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के दूसरे दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों से खिलाड़ियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने तथा पाकुड़ जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का संकल्प लिया।
0 Response to "राष्ट्रीय खेल दिवस के दूसरे दिन पाकुड़ में खेलों का जोश, खिलाड़ियों को मिली खेल सामग्री; कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में दिखी प्रतिभा"
एक टिप्पणी भेजें