सरकारी विद्यालयों में खेलों की धूम, राष्ट्रीय खेल दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
शनिवार, 29 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़िया : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में विभिन्न खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यालयों में खेल गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विभिन्न विद्यालयों में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मेजर ध्यानचंद के जीवन, संघर्ष एवं खेल उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक एवं मानसिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने खेल भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। इसके बाद अलग-अलग आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें 50, 100, 200, 400 एवं 800 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज, टेबल टेनिस, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
इसके अलावा कई विद्यालयों में छात्र-शिक्षक मैत्री खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसके तहत रस्साकशी, क्रिकेट, फुटबॉल एवं म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच आयोजित इन मैत्रीपूर्ण खेलों को लेकर विद्यालयों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उर्दू प्राथमिक विद्यालय में बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय में छात्राओं के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा के साथ खेल भावना और अनुशासन का भी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
0 Response to "सरकारी विद्यालयों में खेलों की धूम, राष्ट्रीय खेल दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा"
एक टिप्पणी भेजें