एसआईआर के तहत 375 नोटिस पर हुई सुनवाई, दस्तावेजों के सत्यापन के साथ मतदाता सूची सुधारने की कवायद
शनिवार, 29 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़िया : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड में मतदाताओं को जारी नोटिस के सत्यापन को लेकर सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान प्रखंड के दो अलग-अलग स्थानों पर संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाताओं की सुनवाई की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में मतदाताओं के दावों, नोटिस एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
ग्राम पंचायत लागडुम अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 217 से 223 तक के कुल 234 नोटिस से संबंधित मतदाताओं की सुनवाई पंचायत भवन लागडुम में की गई। इस दौरान एईआरओ सह जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलको की मौजूदगी में संबंधित मतदाताओं के नोटिस एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने मतदाताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों की जांच करते हुए उनके दावों से संबंधित जानकारी भी ली।
वहीं, ग्राम पंचायत फुलझिंझरी अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 260 से 264 तक के कुल 141 नोटिस से संबंधित मतदाताओं की सुनवाई पंचायत भवन फुलझिंझरी में आयोजित हुई। यहां एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी की मौजूदगी में संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों एवं दावों की जांच की गई। मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
दोनों स्थानों पर आयोजित सुनवाई के दौरान मतदाताओं को मतदाता सूची में दर्ज अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच करने तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मतदाताओं से पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
0 Response to "एसआईआर के तहत 375 नोटिस पर हुई सुनवाई, दस्तावेजों के सत्यापन के साथ मतदाता सूची सुधारने की कवायद"
एक टिप्पणी भेजें