-->
सरकारी विद्यालयों में धूमधाम से मना राष्ट्रीय खेल दिवस, विद्यार्थियों ने दिखाया खेल प्रतिभा का दम

सरकारी विद्यालयों में धूमधाम से मना राष्ट्रीय खेल दिवस, विद्यार्थियों ने दिखाया खेल प्रतिभा का दम

महेशपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को महेशपुर प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों में विभिन्न खेलकूद एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को खेलों के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन के प्रति जागरूक किया गया। विद्यालयों में दिनभर खेल गतिविधियों के आयोजन से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्र-छात्राओं को मेजर ध्यानचंद के जीवन परिचय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ‘स्वास्थ्य एवं खेल’ तथा ‘खेल एवं जीवन में अनुशासन’ जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व को समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खेल भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ भी ली। इसके बाद अलग-अलग कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए उनकी आयु एवं स्तर के अनुरूप विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए 50 मीटर दौड़, बोरी दौड़, तीन टांग दौड़, चम्मच-गोली दौड़, कैरम एवं लूडो प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, कबड्डी, खो-खो, शतरंज एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता कराई गई।

इसी क्रम में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 400 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्र-शिक्षक मैत्री खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें रस्साकसी, क्रिकेट, फुटबॉल एवं म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं। छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच आयोजित इन मैत्रीपूर्ण मुकाबलों को लेकर विद्यालयों में उत्साह का माहौल रहा।

प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को खेलों के प्रति निरंतर रुचि बनाए रखने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन ने विद्यार्थियों में खेल भावना, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का काम किया।

0 Response to "सरकारी विद्यालयों में धूमधाम से मना राष्ट्रीय खेल दिवस, विद्यार्थियों ने दिखाया खेल प्रतिभा का दम"

Ads 1

TOP CONTENT

ADS 3

ADS 4