एकलव्य विद्यालय के बच्चों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, थाना परिसर में दिखा भाई-बहन के स्नेह का अनूठा रूप
गुरुवार, 27 अगस्त 2026
Comment
पाकुड़िया : भाई-बहन के पवित्र प्रेम और आपसी विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पर्व गुरुवार को पाकुड़िया थाना परिसर में अनूठे और भावुक अंदाज में मनाया गया। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, राजबाड़ी पाकुड़िया के कक्षा छह और नौ के दर्जनों छात्र-छात्राएं प्रधानाध्यापक एवं वार्डन के नेतृत्व में थाना परिसर पहुंचे। बच्चों के इस विशेष पहल से थाना परिसर में कुछ देर के लिए पारिवारिक और आत्मीय माहौल बन गया।
थाना परिसर पहुंचने के बाद छात्राओं ने पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, अवर निरीक्षक नागेंद्र कुमार, अवर निरीक्षक कैला उरांव, सहायक अवर निरीक्षक बाबूधन मुर्मू और सहायक अवर निरीक्षक महादेव चौधरी समेत मौजूद पुलिस जवानों को तिलक लगाया। इसके बाद पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। बच्चों ने पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और अपनापन जताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
देश और समाज की सुरक्षा में दिन-रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों का बच्चों ने मुंह मीठा कराया और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबी उम्र की कामना की। बच्चों से अचानक मिले इस स्नेह और सम्मान से पुलिसकर्मी भी भावुक नजर आए। थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुरक्षा के प्रति सदैव तत्पर रहने तथा समाज में सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक पत्रास टुडू और वार्डन प्रीति हांसदा मौजूद रहे और बच्चों का मार्गदर्शन किया। विद्यालय के बच्चों की इस पहल की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पुलिस और आम लोगों, विशेषकर बच्चों के बीच विश्वास और अपनत्व को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक भाव पैदा होता है और उनके भीतर सुरक्षा की भावना भी मजबूत होती है।
0 Response to "एकलव्य विद्यालय के बच्चों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, थाना परिसर में दिखा भाई-बहन के स्नेह का अनूठा रूप"
एक टिप्पणी भेजें